अनंतनाग में पकड़े गए आतंकी का कबूलनामा, VIDEO आया सामने

Saturday, Apr 29, 2017 - 12:03 PM (IST)

श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में जिंदा पकड़े गए आतंकी के कबूलनामे का वीडियो सामने आया है। अनंतनाग में एक बैंक में घुसने की कोशिश के दौरान यह आतंकी सी.आर.पी.एफ. के हत्थे चढ़ गया। हालांकि दूसरा आतंकी भागने में कामयाब हो गया। बैंक में घुसने के दौरान इन आतंकियों की सी.आर.पी.एफ. की टीम से झड़प हो गई थी, जिसके बाद जवान एक आतंकी को जिंदा पकडऩे में सफल रहे।

पकड़ा गया आतंकी सी.आर.पी.एफ. के एक जवान से बंदूक छीनने की कोशिश कर रहा था। बंदूक तो उसे नहीं मिली, उल्टे इस कोशिश में वह जवानों की गिरफ्त में आ गया। वहीं, दूसरा आतंकी मौके का फायदा उठाकर फायरिंग करता हुआ निकल भागा। इस फायरिंग में एक जवान घायल हुआ है जिसका इलाज चल रहा है।

आतंकी का कबूलनामा
जिंदा पकड़े गए आतंकी की पहचान मुनीर अहमद के तौर पर हुई है। मुनीर ने अपने साथी का नाम राजा बताया है। वीडियो में पुलिस के सवालों के जवाब में मुनीर बता रहा है कि राजा ने उसे जवानों के हथियार छीनने को कहा था और ऑर्डर न मानने की सूरत में जान से मारने की धमकी दी थी। मुनीर ने कहा, उसने (राजा ने) मुझसे कहा कि हथियार छीनो नहीं तो मैं मार दूंगा। फायरिंग के दौरान वो भाग निकला। राजा के पास एक पिस्तौल थी। आतंकी ने कहा कि ग्वारीपुरा से किराए की टाटा सूमो में सवार होकर अनंतनाग पहुंचे। बैंक लूट को अंजाम देकर इसी गाड़ी से वापस भागने की प्लानिंग थी।

 

Advertising