दिल्ली में हमारे सांसदों के साथ हुए शर्मनाक और गलत बर्ताव की निंदा करती हूं: ममता बनर्जी

punjabkesari.in Friday, Jan 09, 2026 - 05:44 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शुक्रवार को दिल्ली में गृह मंत्रालय के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्टी सांसदों के साथ हुए बर्ताव की निंदा की और इसे ‘‘शर्मनाक, अस्वीकार्य और लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला” करार दिया। शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के कई सांसदों को उस वक्त हिरासत में ले लिया गया, जब वे केंद्र द्वारा जांच एजेंसियों के कथित गलत इस्तेमाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चुने हुए प्रतिनिधियों को, उनके लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करने पर सड़कों पर घसीटना कानून लागू करना नहीं है यह वर्दी में अहंकार है।'' 

उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतंत्र है, भारतीय जनता पार्टी की निजी संपत्ति नहीं है। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि लोकतंत्र ‘सत्ता में बैठे लोगों की सुविधा या आराम' पर नहीं चलता। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि जहां इसके नेता विरोध प्रदर्शनों के दौरान ‘रेड कार्पेट और खास सुविधाओं' की उम्मीद करते हैं, वहीं विपक्षी सांसदों को आवाज़ उठाने पर ‘घसीटा जाता है, हिरासत में लिया जाता है और अपमानित किया जाता है।' ममता ने कहा कि संस्थाओं और राजनीतिक लोगों के बीच परस्पर सम्मान होना चाहिए। 

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आप हमारा सम्मान करते हैं, हम आपका सम्मान करते हैं।'' उन्होंने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधियों को अपमानित करने की कोशिशों का जवाब ‘सहिष्णुता, असहमति और लोकतांत्रिक नैतिकता' से दिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी सरकार, कोई भी पार्टी और कोई भी गृह मंत्री यह तय नहीं कर सकता कि लोकतंत्र में कौन सम्मान का हकदार है।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News