इंतजार खत्म! क्रिसमस पर मुंबई वालों को मिली बड़ी सौगात, आज से शुरू हुआ Navi Mumbai International Airport
punjabkesari.in Thursday, Dec 25, 2025 - 12:23 PM (IST)
Navi Mumbai International Airport : सपनों के शहर मुंबई के लिए आज यानी 25 दिसंबर 2025 का दिन बेहद ऐतिहासिक है। क्रिसमस के पावन अवसर पर करोड़ों मुंबईकरों का सालों पुराना इंतजार खत्म हो गया है। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) से आज पहली कमर्शियल फ्लाइट ने उड़ान भरकर देश के विमानन इतिहास में एक नया पन्ना जोड़ दिया है। इसी के साथ मुंबई अब देश का ऐसा पहला महानगर बन गया है जिसके पास दो सक्रिय अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं।
सुबह 8:55 पर भरा पहला टेक-ऑफ
आज सुबह नवी मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल को तड़के 6:40 बजे यात्रियों के लिए खोला गया। एयरपोर्ट से पहली घरेलू उड़ान इंडिगो (IndiGo) के विमान ने सुबह 8:55 बजे हैदराबाद के लिए भरी। पहले ही दिन इंडिगो के साथ-साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एयर और स्टार एयर ने अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं।
#WATCH | Maharashtra: Navi Mumbai International Airport commenced its airside operations on 25 December 2025 with the arrival of its first commercial flight. The aircraft was accorded a ceremonial water cannon salute on arrival.
— ANI (@ANI) December 25, 2025
The inaugural arrival, IndiGo flight 6E460 from… pic.twitter.com/4SCwm28g1U
पहले दिन का शेड्यूल और क्षमता
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार संचालन के पहले दिन कुल 30 उड़ानों (आवाजाही) का लक्ष्य रखा गया है। शुरुआती दौर में एयरपोर्ट सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक ही ऑपरेट किया जाएगा। फिलहाल यह एयरपोर्ट देश के 9 प्रमुख शहरों को मुंबई से जोड़ रहा है जिसे जल्द ही बढ़ाकर 13 शहरों तक किया जाएगा। वर्तमान में हर घंटे 10 विमानों की आवाजाही संभालने की व्यवस्था की गई है।
#WATCH | Maharashtra: Navi Mumbai International Airport to begin operations.
— ANI (@ANI) December 25, 2025
A passenger, Sunil Bajaj, says, "It feels very good that an international airport has come to Navi Mumbai... The driveway is beautiful and big... It will be futuristic." pic.twitter.com/iOOjIx3rid
कमल थीम और आधुनिक तकनीक (Facilities)
NMIA को न केवल आवाजाही के लिए बल्कि अपनी भव्य वास्तुकला के लिए भी जाना जाएगा। इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का टर्मिनल भवन भारत के राष्ट्रीय फूल कमल की थीम पर डिजाइन किया गया है। यात्रियों को लंबी कतारों से बचाने के लिए यहां डिजी यात्रा की सुविधा दी गई है जिससे पेपरलेस और फेस-रिकग्निशन के जरिए एंट्री संभव होगी। टर्मिनल के भीतर स्थानीय खान-पान और किफायती ब्रांड्स को प्राथमिकता दी गई है।
लागत और भविष्य का लक्ष्य
अडानी ग्रुप और सिडको (CIDCO) के सहयोग से बना यह प्रोजेक्ट भारत के सबसे महंगे बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट्स में से एक है। पहले चरण को पूरा करने में लगभग 19,650 करोड़ रुपये की लागत आई है। अभी यह एयरपोर्ट सालाना 2 करोड़ यात्रियों को संभाल सकता है लेकिन 5 चरणों का काम पूरा होने के बाद इसकी क्षमता 9 करोड़ यात्री प्रति वर्ष हो जाएगी।
