उत्तर भारत में सर्दी ने दिखाए तेवर, दिल्ली में टूटा पिछले 4 सालों का रिकॉर्ड

Friday, Dec 21, 2018 - 12:01 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम के हालात लगातार बदल रहे हैं।  दिल्ली के तापमान में भी तेजी से गिरावट हो रही है। वीरवार को राजधानी में पिछले चार सालों में दिसंबर की सबसे सर्द सुबह रही। यहां का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि शिमला में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा। 


मौसम विभाग के मुताबिक पिछले तीन दिनों में दिल्ली-एनसीआर की सुबह शिमला से ज्यादा सर्द रही। 26 दिसंबर तक दिल्ली का न्यूनतन तापमान 4 से 5 डिग्री तक रहने का अनुमान जताया जा रहा है। वहीं उत्तरी राजस्थान और पंजाब के कई इलाकों में रात के समय में 2 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने इसे सबसे ज्यादा ठंडा दिन करार दे दिया है। 


मौसम विभाग के अनुसार हिमालयी राज्यों में बर्फवारी की वजह से उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों में शीत लहर चल रही है। जिसका असर अब दिल्ली में पड़ना शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में यही स्थिति रहने की संभावना है, जिस वजह से राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री तक नीचे बना रहने की संभावाना जताई जा रही है। 


बता दें कि 2014 को 20 दिसंबर को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर स्थानों पर भी गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। पंजाब का आदमपुर सबसे ठंडा स्थान रहा, वहां न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में हिसार सबसे ठंडा स्थान रहा, यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से कम 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

vasudha

Advertising