भीषण ठंड की चपेट में उत्तर भारत, दिल्ली में फिर गिरा पारा

Friday, Jan 11, 2019 - 12:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राजधानी दिल्ली और एनसीआर समेत समूचा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक लोग घने कोहरे और शीतलहर का सामना कर रहे हैं। राजधानी में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के करीब दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले दो दिन तक तापमान में गिरावट हो सकती है। 


उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हो रही बर्फबारी के चलते उत्तर भारत में ठंड बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घटों में हरियाणा के जींद, पानीपत, भिवानी, गोहाना और करनाल में बारिश हो सकती है। रविवार तक ये बारिश का मौसम बरकरार रहेगा जबकि सोमवार से मौसम के साफ हो जाने की संभावना है। 


जम्मू से लेकर शिमला तक हुई बर्फबारी के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोडऩे वाला राष्ट्रीय राजमार्ग भारी हिमपात के कारण शुक्रवार को बंद हो गया। जवाहर सुरंग के दोनों ओर, बनिहाल और शैतान नालाह के पास लगभग 10 इंच हिमपात हुआ है। वहीं लद्दाख राजमार्ग और ऐतिहासिक मुगल रोग कई फुट बर्फ जमे होने के कारण पिछले एक माह से अधिक समय से बंद है। 


मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश का मैदानी इलाका उना राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों की अपेक्षा वीरवार को अधिक सर्द रहा। राज्य की राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि मैदानी उना में यह 2.5 डिग्री रहा। मनाली का न्यूनतम तापमान -2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि कुल्लू के सिओगाब में यह शून्य के नीचे -0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कोहरे ने रोकी 11 ट्रेनों की रफ्तार  
राष्ट्रीय राजधानी में कोहरे के कारण शुक्रवार को 11 ट्रेनों के परिचालन में देरी हुई। रेल विभाग के अनुसार, गया एवं नयी दिल्ली के बीच महाबोधि एक्सप्रेस, फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस और प्रतापगढ़-दिल्ली पद्मावत एक्सप्रेस समेत कई अन्य ट्रेनें औसतन दो से तीन घंटे की देरी से पहुंची।      अधिकतम तापमान शुक्रवार को करीब 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। 

vasudha

Advertising