कश्मीर में कड़ाके की ठंड, न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे

Wednesday, Jan 12, 2022 - 03:04 PM (IST)

श्रीनगर : कश्मीर में लगभग सभी स्थानों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम और गुलमर्ग रिज़ॉर्ट में इस मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

 

मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 11.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। घाटी में इस साल का यह सबसे कम न्यूनतम तापमान है। गुलमर्ग रिज़ॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से 11.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। गुलमर्ग में लगातार चार दिन से न्यूनतम तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे या उससे भी कम है।

 

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। यहां एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। वहीं, दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे और उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में शून्य से 5.5 सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

 

मौसम वैज्ञानिकों ने अगले कुछ दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है।

कश्मीर में 40 दिन का 'चिल्लई कलां' का दौर 21 दिसंबर से शुरू हो गया। इस दौरान क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ती है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाती है, जिससे यहां की प्रसिद्ध डल झील के साथ-साथ घाटी के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति लाइन सहित जलाशय जम जाते हैं। इस दौरान अधिकतर इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी सबसे अधिक रहती है, खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में, भारी हिमपात होता है।

Monika Jamwal

Advertising