उत्तर भारत में शीतलहर का कहर, दिल्ली-पंजाब में छाया घना कोहरा...आज बारिश का अलर्ट

Monday, Jan 18, 2021 - 10:45 AM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सोमवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत नोएडा और पंजाब में घना कोहरा छाया रहा। वहीं मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली में आज हल्की बारिश का अनुमान भी जताया है, अगले दो दिनों में हवा की दिशा बदलने के साथ इसके बढ़ने का अनुमान है। IMD ने कहा कि दिल्ली में न्यूनतम और अधिकतम तापमान 8 और 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

साथ ही IMD के एक अधिकारी ने कहा कि दिल्ली में पूर्व दिशा की ओर से चल रही हवा पश्चिमी हिमालय की तरफ से आने वाली हवाओं की तरह ठंडी नहीं है। इसलिए अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक 22 जनवरी तक ठंड का कहर जारी रहेगा और घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 

Weather updates

  • मौसम विभाग ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में 22 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पड़ने की संभावना है, जिससे केंद्र शासित प्रदेश में बर्फबारी और बारिश हो सकती है। 
  • विभाग ने कहा कि प्रसिद्ध डल झील समेत विभिन्न जलाशय जम गए हैं। 
  • उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में रविवार को मौसम शुष्क रहा और कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अलग-अलग स्थानों पर मौसम सर्द होने के साथ ही कोहरे की स्थिति बनी हुई है। प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर 19 जनवरी और 20 जनवरी को भी कोहरा पड़ने की संभावना जताई गई है। 
  • पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में सर्दी का प्रकोप जारी है, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक हरियाणा के नारनौल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है जहां पर न्यूनतम तामपान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गत कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान छह से 10 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है।
  • राजस्‍थान के अनेक हिस्‍सों में ठंड का कहर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार राज्‍य के कई हिस्‍सों में सर्दी व कोहरे का क्रम अभी जारी रहेगा।
  • लद्दाख में पारा -30 डिग्री तक पहुंच रहा है। ऐसे में LAC पर भारतीय जवान डटे हुए हैं।

Seema Sharma

Advertising