उत्तर भारत में बढ़ सकती है ठंड, दिल्ली में बारिश के आसार

Sunday, Jan 13, 2019 - 11:29 AM (IST)

नेशनल डेस्क: राजधानी में ठंड का प्रकोप जारी है। कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार भी​ धीमी पड़  गई है जिस कारण यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। इससे जहां ठंड बढ़ेगी वहीं बारिश से राजधानी के लोगों को प्रदूषण से भी राहत मिलने की संभावना है। 


दिल्ली में शनिवार सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ हुई। इस दौरान न्यूनतम तापमान 7.1 दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। विभाग के अनुसार अगले दो दिन बारिश की संभावना के बाद आसमान में कोहरा छाया रहने की उम्मीद है। इस दौरान रविवार को अधिकत तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं बारिश बाद के अधिकत तापमान के सोमवार को 21 डिग्री रहने की संभावना है।  


वहीं राजधानी की हवा दो दिन खराब और एक दिन बहुत खराब श्रेणी में रहने के बाद शनिवार को एक बार फिर से गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक शहर का कुल वायु गुणवत्ता सूचकांक 423 था जो ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। सीपीसीबी के अनुसार 24 इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर दर्ज की गई जबकि सात में यह बेहद खराब रही। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में गाजियाबाद, नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा में वायु गुणवत्ता गंभीर दर्ज की गई।
 

vasudha

Advertising