उत्तर भारत में बर्फीली हवाओं का कहर, दिल्ली में 2 डिग्री तक जा सकता है पारा, राजस्थान में -4 डिग्री

Wednesday, Dec 30, 2020 - 12:01 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी ने मैदानों में ठंड बढ़ा दी है। दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं राजस्थान के माउंट आबू में तापमान लुढ़ककर -4 डिग्री पर आ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में शहर में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। साथ ही दिल्ली में पारा 2 डिग्री तक जा सकता है।

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि हिमालय की तरफ से उत्तर-उत्तरपश्चिमी दिशा की हवाएं बह रही हैं जिससे उत्तर भारत में तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के मुताबिक ठंडी हवाएं चलने से नए साल के पहले राष्ट्रीय राजधानी में ठिठुरन और बढ़ सकती है।  इस साल दिसंबर में औसत न्यूनतम तापमान (7.06 डिग्री सेल्सियस) पिछले साल के औसत न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री से कम है। 

माउंट आबू में ओस बनी बर्फ
राजस्थान के माउंट आबू में तापमान लुढ़ककर -4 डिग्री पर पहुंच गया है। खेतों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। माउंट आबू में ओस जमकर बर्फ बन गई। गमलों में बर्फ जम चुकी है। गर्मियों जो शहर तपते हैं वो अब बर्फिस्तान बने हुए हैं। फतेहपुर शेखावटी का हाल इस समय शिमला जैसा बना हुआ है। फतेहपुर शेखावटी भी शीतलहर की चपेट में हैं। हिमाचल प्रदेश के डलहौजी में -3.4 डिग्री सेल्सियस, कुफरी में -2.4 डिग्री और शिमला में तापमान माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं मनाली में पारा माइनस 0.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर के पटनीटॉप, बटोटे और कई दूसरे इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है।

Seema Sharma

Advertising