''मिया बिहू'' गायक गिरफ्तार, CM सरमा बोले- हमारे बिहू गीतों को बदलने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा

punjabkesari.in Sunday, Sep 01, 2024 - 07:51 PM (IST)

 

नेशनल डेस्क: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने कहा कि ‘मिया बिहू' को लोकप्रिय बनाने की कोशिश के आरोप में एक गायक को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि कोई भी असमिया व्यक्ति अपने पारंपरिक बिहू गीतों को ‘बहुत अलग' बनाने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं करेगा। सरमाने शनिवार देर रात फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कुछ लोग ‘मिया बिहू' को लोकप्रिय बनाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे ही एक गायक अल्ताफ हुसैन को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है।''

रविवार को मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा साझा की गई 2.27 मिनट की वीडियो क्लिप में सरमा ने जोर देकर कहा कि जब तक असमिया समाज कायम रहेगा, वह सम्मान के साथ ऐसा करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम अपनी सामाजिक व्यवस्था पर कोई भी हमला बर्दाश्त नहीं करेंगे। और हम पर हमले की ऐसी कोशिशें भी नहीं होनी चाहिए।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी असमिया व्यक्ति संस्कृति, विरासत, भोजन, गीत, नृत्य रूपों को ‘बहुत अलग तरीके' से प्रस्तुत करने के किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर हमारे गौरव बिहू गीतों को ‘मिया बिहू' में बदल दिया जाए, तो कौन सा असमिया इसे स्वीकार करेगा?'' ‘मिया' मूल रूप से असम में बांग्ला भाषी मुसलमानों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक आपत्तिजनक शब्द है और गैर-बांग्ला भाषी लोग आम तौर पर उन्हें बांग्लादेशी प्रवासी मानते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News