सहारा ने मोदी को दिए 40 करोड़ 10 लाख रुपए

Monday, Nov 21, 2016 - 09:24 AM (IST)

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने फेसबुक लाइव कार्यक्रम में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सहारा के बीच सांठ-गांठ का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 22 नवम्बर, 2014 को सहारा के यहां रेड हुई। उनके एक कमरे में 130 करोड़ रुपए से ज्यादा की नकदी मिली। उसी में कई कागज मिले। उनमें से एक कागज मेरे पास है। इस कागज में आयकर विभाग के कमिश्नर, गवाहों व पार्टी के साइन हैं। इसमें लिखा है कि सहारा का कैश कहां से आया और कहां गया? जिन्हें कैश दिया, उसमें 30 अक्तूबर, 2013 को 2.5 करोड़ रुपए गुजरात के मुख्यमंत्री मोदी को जायसवाल के जरिए दिए गए। दूसरी एंट्री 12 नवम्बर, 2013 को 5 करोड़ 10 लाख रुपए मोदी को दिए गए।

27 नवम्बर, 2013 को 2.5 करोड़ रुपए मोदी को दिए गए। इस तरह की 7 एंट्रियां हैं। मोदी को 40 करोड़ 10 लाख रुपए का कैश दिया गया। यह सच है  कि इसकी पुष्टि नहीं हो सकती है। इसकी जांच होनी चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि मेरी जानकारी के मुताबिक इन कागजों को खत्म करने की कानूनी तौर पर पूरी तैयारी चल रही है। सी.एम. ने इस मसले को दिल्ली विधानसभा में भी उठाया था। इसके बाद नोटबंदी को लेकर आजादपुर मंडी में हुई रैली में भी सहारा के खिलाफ केजरीवाल ने मोर्चा खोला था। इन दिनों वह पंजाब दौरे पर हैं। यहां वह आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रैली कर रहे हैं। इसमें भी उन्होंने सहारा के घोटाले का जिक्र किया है।

Advertising