भाजपा का आरोप- सफाई कर्मचारियों की दुर्दशा के लिए AAP जिम्मेदार

Monday, Feb 13, 2017 - 07:42 PM (IST)

नई दिल्ली : दिल्ली में आए दिन होने वाली सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और प्रदर्शनों पर फिर सियासत शुरू हो गई है। सोमवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर सफाई कर्मचारियों के प्रदर्शन के बाद भाजपा ने एक बार फिर दिल्ली सरकार की घेराबंदी शुरू कर दी है और एमसीडी के सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के लिए दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। सफाई कर्मचारी यूं तो भाजपा की सत्ता वाली एमसीडी के तहत आते हैं, लेकिन भाजपा का आरोप है कि दिल्ली सरकार ने पिछले दो सालो में आर्थिक तौर पर कमजोर बना दिया है। इसी से एमसीडी में आए दिन कर्मचारियों की सैलरी का संकट गहरा जाता है।

पूर्वी दिल्ली के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर हुए विरोध प्रदर्शन को जायज ठहराते हुए विश्वास नगर से भाजपा के विधायक ओ पी शर्मा कहते हैं कि दिल्ली सरकार ने एमसीडी का हक उसे नहीं दिया। ओपी शर्मा ने कहा कि अगर एमसीडी में भ्रष्टाचार है, गड़बड़ी है, तो उसकी जांच कीजिए।  दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि सरकार जानबूझ कर एमसीडी का पैसा रोकती है, ताकि भाजपा की सत्ता वाली एमसीडी कमजोर हो और इसका फायदा आम आदमी पार्टी आने वाले एमसीडी चुनाव में लेना चाहती है। एमसीडी के सफाई कर्मचारियों की दुर्दशा के लिए दिल्ली सरकार जिम्मेदार है।

Advertising