स्कूल में मेडिकल जांच के दौरान 9वीं कक्षा की छात्रा गर्भवती मिली, शिक्षक गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 12:43 AM (IST)
नेशनल डेस्क : ओडिशा के मयूरभंज जिले में शुक्रवार को एक निजी शिक्षक को गिरफ्तार किया गया। उस पर एक आवासीय स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म करने और उसे गर्भवती करने का आरोप है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस हफ्ते की शुरुआत में स्कूल में नियमित स्वास्थ्य जांच के दौरान पता चला कि लड़की पांच महीने की गर्भवती है, जिसके बाद उसके माता-पिता को इसकी जानकारी दी गई। मामले की जांच कर रहे अधिकारी ने बताया कि माता-पिता ने लड़की से बात की, जिसके बाद उसने गर्मियों की छुट्टियों के दौरान अपने साथ हुए कथित यौन उत्पीड़न और आरोपी द्वारा दी गई धमकियों के बारे में बताया। अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई और शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया।
