कश्मीर में तूल पकड़ता जा रहा है चोटी काटने का मामला, छात्रों और पुलिस के बीच झड़पें

Monday, Oct 16, 2017 - 07:33 PM (IST)

श्रीनगर : ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में पुराने शहर के हवल इलाके में स्थित इस्लामिया कॉलेज के छात्रों और पुलिस के बीच सोमवार को झड़पें हुई। वहीं, चोटी काटने के मामलों में लगातार वृद्धि के खिलाफ पांपोर, सोपोर, मयसूमा और अन्य इलाकों में भी हड़ताल रही। जानकारी के अनुसार आज दोपहर को कॉलेज के छात्रों ने चोटी काटने के मामलों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने कॉलेज परिसर से बाहर आने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उनको रोक दिया। पुलिस कार्रवाई से गुस्साएं छात्रों ने पुलिस पर पत्थराव किया जिसके बाद उनको खदेडऩे के लिए पुलिस ने आंसू गेस का इस्तेमाल किया। दोनो पक्षों के बीच झड़पों की वजह से इलाके में आम जनजीवन प्रभावित हो गया। यातायात भी बाधित हो गया।
शहर के मयसूमा इलाके में आज दोपहर को एक महिला की अज्ञात लोगों द्वारा चोटी काटे जाने के बाद प्रदर्शन और झड़पें हुई। घटना के बाद लोग सडक़ों पर उतर आए और यातायात को बाधित कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेडऩे के लिए आंसू गेस का इस्तेमाल किया। झड़पों के कारण इलाके की सभी दुकानें और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। इससे पहले कुछ युवकों ने लालचौक और आसपास के इलाकों में हड़ताल को लागू करने की कोशिश की। उन्होने दुकानदारों से दुकानों को बंद करने के लिए कहा।

दक्षिण कश्मीर में किया गया बंद का पालन
उधर, दक्षिण कश्मीर के पांपोर और अवंतिपूरा इलाकों में लोगों ने चोटी काटने के मामलों के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने घटनाओं के खिलाफ हड़ताल का भी पालन किया। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पांपोर और अवंतिपूरा इलाकों में सभी दुकानें और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहें जबकि यातायात की पतली आवाजाही रही। अवंतिपूरा इलाके में लोगों ने राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को खदेडऩे के लिए आंसू गेस का इस्तेमाल किया जिसके बाद यातायात बहाल कर दिया गया।
इस बीच उतर कश्मीर के सोपोर कस्बे में चोटी काटने की घटना के खिलाफ लोगों ने प्रदर्शन किया। सोपोर के निंगली इलाके में 50 वर्षीय महिला की चोटी गई गई। इलाके में पिछले 24 घंटों में यह तीसरी घटना हैं। गत रात दो महिलाओं की चोटी काटी गई।

सौ से ज्यादा लोगों की काटी गई चोटियां
बता दें कि अब तक 100 से ज्यादा महिलाओं और लड़कियों की चोटी काटी गई। इस मामले में मारपीट में एक आम नागरिक की भी मौत हो गई है जबकि कई लोगों को चोटी काटने के शक में आम लोगों ने मारा पीटा भी है। पुलिस और लोगों ने हाल ही में छह विदेशी पर्यटकों को उस समय लोगों की मारपीट से बचाया, जब श्रीनगर में उनको लोगों ने चोटी काटने वाले समझकर पकड़ लिया था। पुलिस ने चोटी काटने की गलत अफवाह फैलाने वाले छह लोगों को अभी तक गिरफ्तार किया है। चोटियां काटने की घटनाओं की जाँच करने के लिए पुलिस ने एक विशेष जांच दल गठित किया है।

 

Advertising