फेरी के मुद्दे को लेकर दादर में मनसे और कांग्रेस के कार्यकर्त्ता आपस में भिड़े

Wednesday, Nov 01, 2017 - 03:51 PM (IST)

मुंबई: फेरीवालों को हटाए जाने के मुद्दे पर आज सुबह यहां दादर में कांग्रेस और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्त्ताओं के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने बताया कि झड़प उस समय शुरू हुई जब मनसे के कार्यकर्त्ताओं ने फेरीवालों के समर्थन में कांग्रेस के शहर इकाई द्वारा आयोजित ‘फेरीवाला सम्मान मोर्चो’ कार्यक्रम में खलल डाला। राज ठाकरे की अगुवाई वाली पार्टी के कार्यकर्त्ताओं ने मुंबई कांग्रेस प्रमुख संजय निरूपम के खिलाफ नारेबाजी भी की। पुलिस उपायुक्त (जोन पांच) राजीव जैन ने बताया, ‘‘पुलिस सक्रिय हो गई और मनसे के 15 और कांग्रेस के आठ कार्यकर्त्ताओं को हिरासत में ले लिया।’’

उन्होंने बताया कि दोनों पार्टियों के कार्यकर्त्ताओं के खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया गया।   एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इस दौरान दुकानदारों और लाइसेंसी फेरीवालों नेअपनी दुकान बंद रखना पसंद किया। निरूपम ने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी नेता और कार्यकर्त्ता मुख्य रूप से मराठी हैं और उन्होंने मराठी फेरीवालों को सम्मानित करने के लिए इस मोर्चा का आयोजन किया था। लेकिन मनसे के कार्यकर्त्ताओं ने इसमें भी बाधा डाली। पूरे घटनाक्रम के लिए मैं स्थानीय पुलिस को जिम्मेदार ठहराता हूं।’’

Advertising