कांग्रेस को 67 से 97 सीटें मिलने का दावा

Sunday, May 19, 2019 - 08:33 AM (IST)

इलैक्शन डेस्क: लोकसभा चुनाव के नतीजों से 5 दिन पहले सियासी हलकों में बहस शुरू हो गई है। कांग्रेस इस चुनाव में 3 अंकों का आंकड़ा पार कर सकेगी या नहीं, मतलब क्या कांग्रेस 100 या उससे ज्यादा सीटें जीतने की स्थिति में है, इन 3 सवालों का जवाब न्यूज चैनल ‘टाइम्स नाओ’ ने आंकड़ों के विश्लेषण से ढूंढने की कोशिश की है। ‘टाइम्स नाओ’ के विश्लेषण के मुताबिक कांग्रेस इस चुनाव में 67 से लेकर 97 तक सीटें जीत सकती है। पिछले चुनाव में कांग्रेस को महज 44 सीटें हासिल हुई थीं। इसका मतलब है कि कांग्रेस को 23 से लेकर 53 सीटों का फायदा हो सकता है।

औसत वोट शेयर हासिल करने पर 78 सीटें
चैनल ने 1996 के बाद हुए लोकसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस के औसतन 26 फीसदी वोट शेयर और औसतन 131 सीटों को आधार मान कर किए गए विश्लेषण के जरिए कांग्रेस को 78 सीटें मिलने की संभावना जताई है। चैनल का मानना है कि यदि कांग्रेस 2014 के अपने सबसे बुरे वोट शेयर 19.3 फीसदी से बढ़कर औसतन 26 फीसदी तक भी पहुंच जाती है तो कांग्रेस को 78 सीटें हासिल होंगी। चैनल के अनुसार यदि कांग्रेस 1 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 5 सीटें जीतती है और वोट शेयर 6.7 फीसदी बढ़ा तो वह 78 सीटें आसानी से जीत जाएगी।

विधानसभा का वोट शेयर कायम रखने पर 97 सीटें
एक अन्य आकलन के मुताबिक चैनल ने कांग्रेस द्वारा पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए प्रदर्शन को आधार बनाकर 97 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। पिछले 15 विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस का औसतन वोट शेयर 24.7 फीसदी रहा है। चैनल का मानना है कि इस वोट शेयर के साथ कांग्रेस को 53 सीटें ज्यादा मिलेंगी तो कांग्रेस 100 सीटों के आस-पास पहुंच सकती है।

पिछला प्रदर्शन सुधारने पर 95 सीटें
चैनल ने एक अन्य विश्लेषण करते हुए लिखा है कि 2014 में 51 सीटों पर कांग्रेस की हार का अंतर 6.7 फीसदी था और यदि कांग्रेस ने अपनी 26 फीसदी की औसत कायम करते हुए इस बार भी 6.7 फीसदी वोट ज्यादा हासिल किए तो पार्टी को 51 सीटों का फायदा हो सकता है और पार्टी 95 सीटों पर पहुंच सकती है लेकिन साथ ही इसी विश्लेषण में चैनल ने कहा है कि 2014 में कांग्रेस द्वारा जीती गई 28 सीटों पर जीत का अंतर 5 फीसदी से कम था। यदि कांग्रेस वे सीटें हारी तो सीटों की संख्या 67 तक पहुंच सकती है।

वोट शेयर बढऩे पर 71 सीटें
एक अन्य विश्लेषण में लिखा है कि यदि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान मिले 24.7 फीसदी वोट शेयर को कायम रखा और 2014 में 5 फीसदी से कम अंतर से हारी अपनी 34 सीटों पर जीत हासिल कर ली तो पार्टी को 78 सीटें मिल सकती हैं। इसी विश्लेषण में 5.4 फीसदी वोट बढऩे की स्थिति में कांग्रेस को प्रति 1 प्रतिशत के पीछे 5 सीटें देते हुए चैनल ने 71 सीटें मिलने की संभावना भी व्यक्त की है।

Seema Sharma

Advertising