चीनी सैनिक की कब्र ने खोल दी ड्रैगन की पोल! Galwan घाटी में हुई झड़प पर फैला रहा था झूठ

Saturday, Aug 29, 2020 - 09:45 AM (IST)

नेशनल डेस्क: 15-16 जून को लद्दाख की गलवान घाटी में भारत-चीन के बीच हुई झड़प में भारतीय सेना ने एक कर्नल समेत 20 सैनिकों को खो दिया था। इस झड़प के बाद चीन यही दोहराता रहा कि उसकी सेना को कोई नुकसान नहीं हुआ है लेकिन अब उसके झूठ से पर्दा उठ गया है। चीन के ही सोशल मीडिया पर गलवान में मारे गए चीनी सैनिकों की कब्रों की तस्वीरें सामने आई है, जिसने चीन की पोल खोलकर रख दी है। 

ट्विटर पर मौजूद चीनी मामलों के एक्सपर्ट एम टेलर फ्रैवल का दावा है कि चीन की माइक्रोब्लॉगिंग साइट Weibo पर एक तस्वीर वायरल हो रही जो कि गलवान में शहीद हुए एक सैनिक की कब्र की बताई जा रही है। वायरल पोस्ट के साथ लिखा  है कि ये शहीद चेन जियानग्रोंग की कब्र की असली तस्वीर है, ये सैनिक भारतीय सीमा पर युद्ध करते हुए शहीद हुआ।


टेलर का यह भी दावा है कि तस्वीर में मौजूद ये कब्र 19 साल के एक चीनी सैनिक की है जिसकी मौत चीन-भारत के बीच हुई झड़प के दौरान हुई। कब्र पर मंदारिन भाषा में लिखा गया है, 'फुजियान के पिंगनान से 69316 ट्रूप का सैनिक चेन जियांग्रो का मकबरा। उसने जून 2020 में भारतीय सैनिकों के साथ हुए संघर्ष में अपना बलिदान दे दिया और मरणोपरांत केंद्रीय सैन्य आयोग (CMC) द्वारा याद किया गया। 

बता दें कि 15 जून की रात चीन के सैनिकों ने भारतीय सैनिकों पर धोखे से हमला किया था। इसके बावजूद भारतीय सैनिकों ने चीन का बडटकर सामना किया था। हमारे जवानों ने चीन के 40 से 50 सैनिकों को मार गिराया था। हालांकि चीन ने गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प में हताहतों की संख्या के बारे में कुछ भी नहीं बताया है। वह दावा करता आया है कि इस संघर्ष में उसकी सेना को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। 
 

vasudha

Advertising