भारत की इस जिद्द पर फिर बौखलाया चीन !

Monday, Jul 03, 2017 - 01:31 PM (IST)

बीजिंगः बिल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (BRI यानि सिल्क रोड) पर एक बार फिर से चीन की बौखलाहट सामने आई है। सरकार की आवाज समझी जाने वाली समाचार एजेंसी शिन्हुआ में प्रकाशित लेख में भारत से BRI का हिस्सा नहीं बनने के फैसले पर विचार करने की बात कही गई है। इसमें भारत से चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) को लेकर पैदा रणनीतिक चिंता छोड़कर बीआरआई में शामिल होने की दलील दी गई है।

सिक्किम में जारी तनातनी के बीच चीन की सरकारी एजेंसी ने भारत से BRI का हिस्सा बनकर प्रतिद्वंद्वी के बजाय सहयोगी बनने का आग्रह किया है। शिन्हुआ ने 'रणनीतिक अदूरदर्शिता हो सकता है भारत का चीन फोबिया' शीर्षक से आलेख प्रकाशित की है। भारत ने मई में चीन में आयोजित बेल्ट एंड रोड फोरम सम्मलेन का बहिष्कार किया था। विश्लेषकों राय में चीन को इस बात का भय सता रहा है कि 1.2 अरब जनसंख्या वाले बाजार के बिना उसकी महत्वाकांक्षी परियोजना सफल नहीं हो सकेगी।

मालूम हो कि BRI के तहत आने वाली सीपीईसी परियोजना गुलाम कश्मीर से होकर गुजरेगी। भारत इसे संप्रभुता का उल्लंघन मानता है। हालांकि, चीन सरकार का आधिकारिक विचार माने जाने वाले लेख में सीपीईसी का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है। शिन्हुआ ने लिखा, 'भारत के लिए यह महत्वपूर्ण है कि वह चीनी चिंता से आगे बढ़कर BRI के प्रभावों का सावधानी से आकलन करे।

नई दिल्ली को इसके संभावित फायदों को मान्यता देते हुए मौकों को भुनाना चाहिए। भारत प्रतिद्वंद्वी होने के बजाय सहयोगी साझीदार हो सकता है।' लेख में भारत स्थित चीनी दूतावास के उप-प्रमुख लियू जिनसोंग के बयान का भी उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा था कि एशिया का समंदर और आसमान इतना बड़ा है, जहां ड्रैगन और हाथी साथ में खुशी-खुशी रह सकते हैं।  

Advertising