चीन में मनाई गई महात्मा गांधी जयंती

Monday, Oct 02, 2017 - 04:53 PM (IST)

बीजिंगः बीजिंग के मध्य में विशाल शाओयांग पार्क में आज महात्मा गांधी की 148वीं जयंती मनाई गई। भारतीय दूतावास के एक सांस्कृतिक दल ने यहां गांधी की दैनिक प्रार्थना में गाया जाने वाला प्रसिद्ध भजन वैष्णन जन सुनाया। एक चीनी विद्यालय के लाल स्कार्फ के साथ हरे और सफ़ेद कपड़े पहने बच्चों के दल ने अपने विद्यालय द्वारा संकलित गांधी के सबसे लोकप्रिय सूत्र वाक्यों का वर्णन किया।

गांधी के प्रशंसकों ने यहां पार्क में स्थापित बापू की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। चीन के प्रशंसित मूर्तिकार और कलाकार युआन शिकुन ने वर्ष 2005 में यहां पार्क में गांधी की प्रतिमा स्थापित की थी। युआन ने यहां गांधी के अलावा रबींद्रनाथ टैगोर की आवक्ष प्रतिमा भी बनाई थी जिसे पार्क से जुड़े संग्रहालय में प्रदर्शित किया गया है। यहां आज के इस कार्यक्रम में कई भारतीय राजनयिक, चीन में गांधी के प्रसंशक और वहां रह रहे भारतीय शामिल हुए।

यहां भारतीय दूतावास संबंधी मामलों के प्रभारी बी विल्सन बाबू ने यहां अपने संबोधन में कहा कि गांधी की अहिंसा के लिए वकालत ने उपनिवेशवाद को खत्म किया। आजादी के लिए संघर्ष को प्रभावित किया और उनकी लड़ाई के तरीके ने मार्टिन लूथर किंग तथा नेल्सन मंडेला जैसे दुनिया के अनेक नेताओं को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र ने 2 अक्तूबर को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस घोषित किया है।

Advertising