लद्दाख को केंद्र शासित्र प्रदेश घोषित करने पर भड़का चीन तो भारत ने दिया यह जवाब

Tuesday, Aug 06, 2019 - 09:31 PM (IST)

नई दिल्लीः भारत ने लद्दाख को अलग केंद्र शासित क्षेत्र बनाने के अपने कदम पर चीन के विरोध को खारिज करते हुए इसे अपने देश का आंतरिक मामला बताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि भारत अन्य देशों के आंतरिक मामलों में टिप्पणी नहीं करता और इसी तरह की उम्मीद वह अन्य देशों से भी करता है।

इस संबंध में चीन की टिप्पणी को लेकर पूछे गये सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि लद्दाख को केंद्र शासित क्षेत्र बनाया जाना देश का आंतरिक मामला है। संसद में पांच अगस्त को पेश ‘जम्मू कश्मीर पुनर्गठन विधेयक, 2019' में लद्दाख को एक नये केंद्र शासित क्षेत्र के तौर पर गठित करने का प्रस्ताव है।

चीनी प्रवक्ता ने क्या कहा?
चीन ने लद्दाख को पृथक केन्द्र शासित प्रदेश बनाने के भारत के कदम पर अपना विरोध भी जताया। नयी दिल्ली में, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा, ‘‘भारत अन्य देशों के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी नहीं करता और अन्य देशों से भी यही उम्मीद करता है।'' भारत सरकार ने सोमवार को जम्मू कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को खत्म कर दिया और प्रस्ताव दिया कि राज्य को दो केन्द्र शासित प्रदेशों जम्मू कश्मीर और लद्दाख में बांटा जाए। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने लद्दाख को केन्द्र शासित प्रदेश बनाने पर आपत्ति जताकर इस क्षेत्र पर चीन के दावे को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, ‘‘चीन ने हमेशा चीन-भारत सीमा के पश्चिमी क्षेत्र में चीन की सरजमीं को भारत द्वारा अपने प्रशासनिक क्षेत्राधिकार में शामिल करने का विरोध किया है। ''  

 

 

Yaspal

Advertising