''सीमा पर जवानों की शहादत के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार''

Tuesday, Jul 18, 2017 - 01:33 PM (IST)

नई दिल्ली: चीन और कश्मीर मुद्दे पर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस के सांसद प्रमोद तिवारी ने सीमा पर जवानों की शहादत के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। तिवारी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा पाकिस्तान जब चाहता है, संघर्ष विराम का उल्लंघन करता है और आतंकवादियों की घुसपैठ करा रहा है। हर सप्ताह हमारे दो-तीन जवान शहीद हो रहे हैं। गलती सीमा पर नहीं, दिल्ली में है।

उन्होंने कहा कि इसे रोकने के लिए केंद्र सरकार को संकल्प लेना होगा। सरकार की नीतियों में स्थिरता नहीं होने की वजह से पाकिस्तान और चीन दोनों के हौसले बढ़ रहे हैं। कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काबुल से दिल्ली आते समय रास्ते में ही लाहौर चले जाते हैं तो कभी चीनी राष्ट्रपति को झूला-झुलाने लगते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी दुनिया भर में स्वयं को लोकप्रिय नेता के रूप में स्थापित करने के चक्कर में देश की विदेश नीति को कमजोर कर रहे हैं और इसी का नतीजा है कि हर दिन के साथ चीन सख्त होता जा रहा है।  

कांग्रेस के ही पी.एल. पुनिया ने कहा कि चीन जो कर रहा है वह दबाव की राजनीति है। उसने तिब्बत में सैन्य अभ्यास कर भारत को आंख दिखाने की कोशिश की है। भारतीय जनता पार्टी के सांसद सी.पी. ठाकुर ने पाकिस्तान के साथ सख्ती बढ़ाने के बारे में पूछे जाने पर कहा सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक तो किया था। रोज-रोज चढ़ाई तो नहीं कर सकते।

Advertising