PM मोदी की अपील का असर: मोटरसाइकिल से विधान भवन पहुंचे CM फडणवीस
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 02:08 PM (IST)
नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बृहस्पतिवार को विधान परिषद के नए सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए मोटरसाइकिल से विधान भवन पहुंचे। यह कदम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ईंधन की खपत कम करने की अपील के बाद किए गए उपायों के तहत उठाया गया है। फडणवीस अपने आवास 'वर्षा' से दक्षिण मुंबई स्थित विधान भवन तक मोटरसाइकिल पर आए। उनके साथ भारतीय जनता पार्टी के नेता और मंत्री आशीष शेलार भी थे। ईंधन बचाने की इसी तरह की पहल करते हुए राज्य के मंत्री नितेश राणे ने मंत्रिमंडल की बैठक में शामिल होने के लिए मंत्रालय तक पैदल जाने का विकल्प चुना।
<
— Devendra Fadnavis (@Dev_Fadnavis) May 14, 2026
>
बुधवार को मुख्यमंत्री फडणवीस ने मितव्ययिता के कई उपायों की घोषणा की थी, जिनमें उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों के काफिले में वाहनों की संख्या आधी करना और मंत्रियों एवं अधिकारियों के विदेशी दौरों को रद्द करना शामिल है। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार का यह कदम पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर ईंधन और विदेशी मुद्रा बचाने की प्रधानमंत्री मोदी की अपील के जवाब में आया है।
पश्चिम एशिया में तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति बाधित हुई है और भारत कच्चे तेल एवं गैस के आयात के लिए भारी मात्रा में पश्चिम एशिया पर निर्भर है। बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि बाहरी दौरों के दौरान मंत्रियों के काफिले में वाहनों की संख्या निर्धारित सीमा से अधिक नहीं होनी चाहिए। संबंधित पुलिस आयुक्त या पुलिस अधीक्षक इसका पालन कराने के लिए जिम्मेदार होंगे। सरकार विभिन्न विभागों को आवंटित सभी वाहनों की कड़ी समीक्षा भी करेगी।
