मनमोहन पर बयान को लेकर जेटली पर बरसे चिदंबरम

Monday, May 06, 2019 - 08:51 PM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की आलोचना करने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की खिंचाई करते हुए सोमवार को कहा कि उन्हें अपने मंत्रालय के कामकाज की हालत देखनी चाहिए जिससे अर्थव्यवस्था में गिरावट दर्शायी गयी है।

चिदंबरम ने जेटली की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें डा. सिंह की निंदा करने की बजाय अर्थव्यवस्था पर अपने मंत्रालय ताजा रिपोर्ट को देखना चाहिए जो लगातार गिरावट कर ओर संकेत कर रही हैं। जेटली ने कहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री की नीतियां एक पुरानी बड़ी पार्टी को संसद में सबसे कम सदस्यों वाली पार्टी पर ले आयी।

चिदंबरम ने कहा कि वित्त मंत्री को वित्त मंत्रालय की आर्थिक विभाग की ताज़ी रिपोर्ट को देखना चाहिए जिसमें सच्चाई बतायी गयी है। उन्होंने कहा, ‘‘ डॉ. सिंह को सीख देने की बजाय वित्त मंत्री को अर्थव्यवस्था की हालत पर अपने मंत्रालय की ताज़ी रिपोर्ट को देखना चाहिए।''

जेटली ने डॉ सिंह की आलोचना करते हुए कहा था कि वर्ष 2014 में उन्होंने अर्थव्यवस्था में मंदी, नीतियों में अनिर्णय की हालत और भ्रष्टाचार छोड़ा था। वह अपने पार्टी को संसद में सबसे कम सदस्यों वाले दल के रुप में ले आयें। भारत सर्वाधिक आर्थिक अनिश्चितता वाले पांच देशों में शामिल था।

 

 

Yaspal

Advertising