खुद आर्थिक अपराध के आरोप में जेल गए चिदंबरम अर्थव्यवस्था का पाठ पढ़ा रहे : BJP

Friday, Dec 06, 2019 - 09:17 PM (IST)

रांची: भाजपा ने शुक्रवार को पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम पर पलटवार करते हुए कहा कि इससे हास्यास्पद बात क्या हो सकती है कि जो व्यक्ति खुद आर्थिक अपराधों का आरोपी हो और जेल में रहा हो वही अब आर्थिक मुद्दों पर पाठ पढ़ा रहा हो। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम एक सौ से ज्यादा दिन तिहाड़ जेल में आर्थिक घोटाले के आरोपी होने के कारण रहे। जेल से सीधे निकले और रांची पहुंचे और उन्होंने अर्थव्यवस्था पर लंबा चौड़ा पाठ पढ़ा दिया। 

प्रतुल ने कहा कि इससे हास्यास्पद बात क्या हो सकती है कि जो व्यक्ति खुद आर्थिक अपराधों का अभियुक्त हो और उसी के कारण जेल में हो, वह अब आर्थिक मुद्दों पर पाठ पढ़ा रहा हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोटालों में लिप्त होने का पुराना इतिहास रहा है। तभी तो चिदंबरम जब जेल से छूट कर बाहर आए तो कांग्रेस के सांसदों ने उठकर उनका अभिवादन किया मानो वह कोई जनहित के मुद्दे पर आंदोलन करने के कारण जेल गए हों। 

उन्होंने कहा कि चिदंबरम ने देश की अर्थव्यवस्था के बारे में ढेर सारे आरोप लगाए लेकिन यह नहीं बताया कि मनमोहन सिंह के समय में अर्थव्यवस्था का जीडीपी वर्तमान स्तर से भी नीचे क्यों चला गया था? प्रतुल ने कहा दरअसल कंग्रेस को कोई अंतर नहीं पड़ता क्योंकि उसके अधिकतर नेता या तो जेल में है या बेल पर छूटे हैं और यही कांग्रेस कि आज की राजनीतिक सच्चाई भी है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं को जनता आगामी विधानसभा चुनाव में खारिज कर देगी।

shukdev

Advertising