नेताओं के बेटों पर कानून का शिकंजा, किसी पर बलात्कार तो किसी पर धोखाधड़ी का आरोप

Friday, Jun 21, 2019 - 09:04 AM (IST)

नई दिल्ली: देश में कई नेताओं के बेटों पर कानून का शिकंजा कस गया है। कोई धोखाधड़ी के आरोप का सामना कर रहा है तो किसी पर बलात्कार जैसा संगीन इल्जाम है। ऐसे ही कुछ मामलों पर एक नजर- 



धोखाधड़ी: पूर्व सी.एम. रमन सिंह के बेटे पर मामला दर्ज 
छत्तीसगढ़ के पूर्व सी.एम. रमन सिंह के बेटे अभिषेक सिंह सहित 20 लोगों के खिलाफ  धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों में अभिषेक सिंह के अलावा राजनांदगांव के पूर्व सांसद मधुसूदन यादव और कांग्रेस नेता नरेश डाकलिया भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि अंबिकापुर के रहने वाले एक किसान की शिकायत पर अभिषेक सिंह सहित 20 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। अनमोल इंडिया नामक चिटफंड कंपनी पर लोगों को यकीन था क्योंकि यह कंपनी अभिषेक सिंह की है। अभिषेक सिंह खुद कंपनी का प्रचार कर निवेशकों को पैसा लगाने के लिए कहते थे। उनके भरोसे पर ही लोगों ने लाखों रुपए इस चिटफंड कंपनी में लगाए थे। कंपनी का संचालन छत्तीसगढ़ से किया जा रहा था। अनमोल इंडिया निवेशकों से कुछ महीनों में पैसा दोगुना करने का आश्वासन देती थी। कंपनी ने 2016 में ही अपना सारा सामान समेट लिया था। कंपनी ने तकरीबन 400 से अधिक लोगों के साथ धोखा किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कंपनी में कई लोगों के लाखों रुपए फंसे होने की आशंका है। 

बलात्कार: केरल माकपा सचिव के बेटे को नोटिस
मुम्बई पुलिस ने केरल माकपा सचिव कोडियेरी बालाकृष्णन के बड़े पुत्र बिनॉय कोडियेरी को एक नोटिस देकर उनके खिलाफ बलात्कार और धोखाधड़ी के मामले में 72 घंटे के भीतर उन्हें जांच अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए कहा है। बिहार की  महिला की शिकायत की जांच के तहत मुम्बई पुलिस की टीम बुधवार को जांच के लिए कन्नूर पहुंची थी। महिला ने आरोप लगाया है कि बिनॉय ने शादी का झांसा देकर उसका यौन उत्पीडऩ किया। महिला का दावा है कि बिनॉय से उसका 8 साल का बच्चा भी है। 

गोलीकांड: केंद्रीय मंत्री के बेटे को भेजा जेल
मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र में गोलीकांड मामले में गिरफ्तार केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल के पुत्र प्रबल पटेल को आज जेल भेज दिया गया। इस मामले में प्रबल सहित 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया था जिनमें 6 को कल ही जेल भेज दिया गया था जबकि प्रबल को रिमांड पर लिया गया था। प्रबल पटेल को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। 

दबंगई: भाजपा विधायक का बेटा गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के हरदा जिले में एक कांग्रेस नेता को धमकाने और अभद्रता करने के मामले में भाजपा विधायक कमल पटेल के बेटे और पार्टी नेता सुदीप पटेल को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सुदीप की गिरफ्तारी पर पुलिस प्रशासन ने 25 हजार रुपए का ईनाम रखा था। आरोप है कि सुदीप पटेल ने 28 अप्रैल को एक स्थानीय कांग्रेस नेता व अधिवक्ता सुखराम बामने को मोबाइल पर धमकी देने के साथ जातिसूचक शब्दों से अभद्रता की थी।  


 

Anil dev

Advertising