छत्तीसगढ़ में जादू टोने के शक में कुल्हाड़ी मारकर महिला की हत्या

Thursday, Oct 05, 2017 - 10:02 PM (IST)

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जादू टोने के शक में कुल्हाड़ी मारकर महिला की हत्या कर दी गई है। कोरबा ​जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज यहां बताया कि शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत इमलीडुग्गू मोहल्ले की निवासी महिला साध बाई (40) की हत्या के आरोप में पुलिस ने पड़ोसी सुखनाथ सिंह (42) को गिरफ्तार कर लिया है।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुखनाथ के परिवार के सदस्य पिछले कुछ समय से बीमार हैं। सुखनाथ को आशंका थी कि साध बाई जादू टोना जानती है जिसके कारण उसके परिजन बीमार रहते हैं। अधिकारियों ने बताया कि आज सुखनाथ ने मोहल्ले में महिला साधबाई पर हमला कर दिया और कुल्हाड़ी मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को अपने घर के छज्जे पर फेंकने के बाद में वह वहां से भाग गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जब घटना की जानकारी मिली तब पुलिस दल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया और शव को बरामद किया गया। बाद में पुलिस ने सुखनाथ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सुखनाथ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। 

Advertising