छत्तीसगढ़: निजी बस के पलटने से 7 यात्रियों की मौत

Saturday, May 19, 2018 - 11:56 PM (IST)

रायपुर: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में कवर्धा-चिल्फी घाटी मार्ग पर बरमदेव घाट में एक निजी बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से चार महिलाओं सात लोगों की मृत्यु हो गई जबकि 19 लोग घायल हो गए। 

कबीरधाम के कलेक्टर अवनीश शरण ने दूरभाष पर बताया कि इस हादसे में पांच लोगों की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि 18 लोग घायल हुए थे। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर ले जाया जा रहा था। रास्ते में दो लोगों की मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि 10 घायलों का इलाज कवर्धा के जिला अस्पताल में किया जा रहा है। 

उन्होंने बताया कि छह घायलों को रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों का पूरा इलाज सरकारी खर्च पर किया जा रहा है। उन्होने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक मृतक के आश्रित परिवार को 25 हजार रूपए की तात्कालिक सहायता राशि मंजूर की गई है। मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह ने इस दुर्घटना में लोगो की मौत होने पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। डॉ. सिंह ने जिला प्रशासन को इस हादसे से पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करने और घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज करवाने के निर्देश दिए हैं। 

Punjab Kesari

Advertising