छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बड़ा नक्सली हमला, IED विस्फोट में 6 जवान शहीद

Sunday, May 20, 2018 - 02:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में रविवार को बड़ा नक्सली हमला हुआ। नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर पुलिस के एक वाहन को उड़ा दिया, जिसमें 6 सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए तथा एक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया जा रहा है। 

दक्षिण बस्तर रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक रतन लाल दांगी ने बताया कि किरन्दुल चोलनार मार्ग पर सड़क निर्माण का काम प्रगति पर है। श्रमिकों एवं अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए छत्तीसगढ़ आम्र्स फोर्स और जिला पुलिस बल का संयुक्त पुलिस बल किरन्दुल से कार्यस्थल की ओर रवाना हुआ था, कि चोलनार जंगल में घात लगाए नक्सलियों ने बारूदी सुरंग विस्फोट कर दिया। विस्फोट की जद में आकर 5 जवान घटनास्थल पर शहीद हो गये। शेष घायल 2 जवानों को अस्पताल लाया गया है, जहां उपचार के दौरान एक जवान की और मौत हो गयी।  
दांगी ने बताया कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और जमीन पर दस फीट गहरा गड्ढा बन गया है। वाहन में कुल 7 जवान ही सवार थे। नक्सली जवानों के हथियार भी लूटकर ले गए हैं।   आगामी 22 मई को प्रदेश के मुख्यमंत्री डा रमन सिंह नकादीकी बचेली में विकास यात्रा और आम सभा में शामिल होंगे। मृतक जवानों में जिला पुलिस बल के प्रधान आरक्षक राम कुमार यादव, आरक्षक टीकेश्वर धु्रव, सहायक आरक्षक सालीगराम, विक्रम यादव, आरक्षक राजेश सिंह, तथा आरक्षक वरिन्द्र नाथ हैं। आरक्षक अर्जुन राजवर गंभीर रूप से घायल है । 
 

vasudha

Advertising