छत्तीसगढ़: 15,000 महिलाओं ने एक साथ सुआ डांस कर बनाया विश्व रिकॉर्ड

Monday, Oct 30, 2017 - 03:20 PM (IST)

रायपुर: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में लगभग 15 हजार महिलाओं ने एक साथ सुआ नृत्य का प्रदर्शन कर एक नया विश्व रिकार्ड बनाया है। गोदना सांस्कृतिक मंच के सहयोग से यह आयोजन दुर्ग के पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में किया गया, जहां गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के एशिया क्षेत्र के प्रमुख डॉ. मनीष बिश्नोई ने इसे विश्व कीर्तिमान के रूप में दर्ज करने की घोषणा की और कार्यक्रम की संयोजक भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव सुश्री सरोज पाण्डेय को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड का प्रमाण पत्र सौंपा। सुश्री पाण्डेय ने यह प्रमाण पत्र मुख्यमंत्री को भेंट किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने इस मौके पर कहा कि सुआ नृत्य छत्तीसगढ़ की हजारों वर्ष पुरानी लोक संस्कृति का प्रतीक है। यह हमारे लोक जीवन की गौरवशाली सांस्कृतिक पहचान है।इस विशाल आयोजन से दुर्ग जिले को और छत्तीसगढ़ को देश विदेश में एक नई पहचान मिली है। डॉ.सिंह ने कहा इस नृत्य में शामिल लगभग 15 हजार बहनों का आशीर्वाद हमें मिला है और भाईयों को बहनों का दिया गया आशीर्वाद कभी व्यर्थ नहीं जाता। बहनों के इस आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ और पूरे देश में खुशहाली आयेगी। मुख्यमंत्री ने समारोह में सरोज पाण्डेय और अन्य महिलाओं को सुआ नृत्य की परंपरा के अनुसार सुआ की टोकरी में तीन सुपा चावल और शगुन की राशि भेंट कर आशीर्वाद प्रदान किया।

महिलाओं ने उन्हें कलेवा के लिए छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन-ठेठरी, खुरमी और लाडू भी भेंट किए। कार्यक्रम संयोजिका सरोज पाण्डेय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अनेकता में एकता की संस्कृति पर आधारित आधारित हमारे देश के हर राज्य में अलग-अलग लोक नृत्य होते हैं। पंजाब का भांगड़ा नृत्य, असम का बिहू और गुजरात का गरबा नृत्य इन राज्यों को एक विशेष सांस्कृतिक पहचान देते हैं। उसी तरह सुआ नृत्य भी छत्तीसगढ़ की पहचान है। पाण्डेय ने सुआ नृत्य समारोह के सफल आयोजन के लिए समस्त सहयोगियों के प्रति आभार प्रकट किया।

Advertising