उत्तराखंड में चारधाम यात्रा फिर शुरू: मौसम में सुधार के बाद 21 जुलाई से खुले मार्ग
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 01:34 PM (IST)
Chardham Yatra Resumed 21 July : उत्तराखंड में तीर्थयात्रियों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर आई है। राज्य सरकार और गढ़वाल मंडल प्रशासन द्वारा यात्रा मार्गों की गहन समीक्षा करने के बाद मंगलवार (21 जुलाई 2026) से चारधाम यात्रा को दोबारा सुचारू रूप से शुरू कर दिया गया है। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जनपदों के जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर यात्रा का संचालन किया जा रहा है।
यात्रा मार्गों की निरंतर निगरानी की जा रही है तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष सतकर्ता बरती जा रही है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान यदि किसी स्थान पर भारी वर्षा, भूस्खलन अथवा अन्य कारणों से यात्रा मार्ग अस्थायी रूप से बाधित होता है तो वे प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थानों अथवा होल्डिंग एरिया में ही रुकें तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पूर्णत: पालन करें।
यह भी पढ़ें: मणिपुर: भारत-म्यांमा बॉर्डर से 3 उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार-गोला बारूद जब्त
परिस्थितियां सामान्य होने के बाद ही यात्रा को आगे बढ़ाया जाएगा। श्री स्वरूप ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को मौसम की स्थिति तथा यात्रा मार्गों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक कारर्वाई की जा सके। उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व मौसम की ताजा जानकारी प्राप्त करें तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
