अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर बवाल! अराजक तत्वों ने सभासद पर बरसाई गोलियां, दहशत में लोग

punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 02:54 PM (IST)

 नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर गांव में अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि फायरिंग और मारपीट की घटनाएं सामने आईं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत बंथरा के चेयरमैन रंजीत रावत के समर्थकों और सभासद आशीष कुमार के बीच विवाद उस समय शुरू हुआ, जब अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम को लेकर मतभेद हो गया। आरोप है कि कार्यक्रम में सभासद आशीष कुमार को आमंत्रित नहीं किया गया था, बावजूद इसके वे मौके पर पहुंचे, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान चेयरमैन पक्ष के कुछ लोगों ने आशीष कुमार पर फायरिंग कर दी। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी, जिससे वे घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। फायरिंग के बाद दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट भी हुई। इस दौरान कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जिनमें चेयरमैन की फॉर्च्यूनर गाड़ियां भी शामिल बताई जा रही हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही जा रही है। फिलहाल, घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News