चन्द्रबाबू नायडू ‘थूको और भागो की राजनीति’ में लिप्त :भाजपा

Monday, Jun 04, 2018 - 05:38 PM (IST)

अमरावती: भाजपा ने आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) पर ‘थूको और भागो की राजनीति’ में लिप्त होने और राजनीतिक लाभ के लिए केन्द्र सरकार के खिलाफ ‘संगठित प्रचार’ चलाने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री एन चन्द्रबाबू नायडू पर निशाना साधते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जी वी एल नरसिम्हा राव ने कहा कि तेदेपा प्रमुख ‘संगठित प्रचार चला रहे है और झूठ फैला रहे है।’

इस वर्ष मार्च में तेदेपा राजग से अलग हो गई थी। नायडू ने केन्द्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाए थे कि आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा के अपने ‘वादे’ से भाजपा पीछे हटी है और वह तेदेपा के खिलाफ साजिश कर रही है। राव ने कहा ,‘वह (नायडू) न केवल लोगों के साथ धोखा करने की कोशिश कर रहे हैं बल्कि राजनीतिक लाभ के लिए उन्हें उकसा भी रहे हैं। यह अवसरवादी और स्वार्थी राजनीति है।’

मोदी सरकार पर कीचड़ उछालने का प्रयास कर रहे हैं नायडू: राव
उन्होंने कहा कि नायडू ने ‘थूको और भागो की राजनीति’ अपना रखी है और वह भाजपा और नरेन्द्र मोदी सरकार पर कीचड़ उछालने का प्रयास कर रहे है।’ भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि नायडू के विचारों में कोई स्थिरता नहीं थी और अमरावती शहर को वित्तीय सहायता और पिछड़े जिलों को विशेष आर्थिक अनुदान जैसे विभिन्न मुद्दों पर वह Þ झूठ फैला रहे थे।

उन्होंने पूछा ,‘राज्य सरकार पहले से ही दी गई धनराशि के लिए उचित उपयोग प्रमाण पत्र जमा किए बिना धन की अपेक्षा कैसे कर सकती है?’ राव ने आरोप लगाया ,‘उनकी (नायडू) सफलता पिछले चार वर्षों में केवल आंध्र प्रदेश को भ्रष्टाचार के मामले में देश का नम्बर एक राज्य बनाने की है।’

shukdev

Advertising