चंद्रबाबू नायडू ने DMK चीफ से की मुलाकात, स्टालिन बोले- महागठबंधन को समर्थन

Saturday, Nov 10, 2018 - 02:07 AM (IST)

चेन्नईः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के खिलाफ वैकल्पिक मोर्चा गठन की कवायद तेज करते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को द्रमुक के कार्यकारी अध्यक्ष एम. के. स्टालिन से मुलाकात की।



नायडू गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा और कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच. डी. कुमारस्वामी से बेंगलुरु में मुलाकात करने के बाद आज शाम सीधे स्टालिन के निवास पहुंचे। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए द्रमुक-कांग्रेस गठबंधन सुनिश्चित होने के बाद स्टालिन ने हाल ही में हुई कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और नायडू की बैठक का स्वागत किया। तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) अध्यक्ष और द्रमुक के कार्यकारी अध्यक्ष के बीच एक घंटे तक चली बैठक में भाजपा विरोधी मोर्चा बनाने के बारे में विस्तृत चर्चा की गयी। इस बैठक में द्रमुक के वरिष्ठ नेता दुरईमुरुगन और द्रमुक की ओर से राज्यसभा सांसद कनिमोझी और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे।



स्टालिन ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, द्रमुक ने राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा विरोधी धर्मनिरपेक्ष मोर्चा बनाने के लिए अपना पूर्ण समर्थन प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र ने हस्तक्षेप करके केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की शक्तियों को नष्ट करने का काम किया है। सभी विपक्षी दलों और धर्मनिरपेक्ष दलों को लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक साथ आना होगा।



नायडू ने भाजपा पर राज्यपालों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र खतरे में है इसलिए भाजपा विरोधी शक्तियों को एक साथ आना होगा। देश में असुरक्षा की भावना है और बेरोजगारी दर बढ़ गयी है। नायडू ने कहा, कांग्रेस से मतभेद होने के बावजूद मैंने राहुल गांधी से इसलिए मुलाकात की ताकि लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस और सभी दलों को एकजुट किया जा सके।

Yaspal

Advertising