चंडीगढ़ मामला: दिल्ली विधानसभा में AAP, BJP भिड़ी

Tuesday, Aug 08, 2017 - 08:24 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा का मानसून सत्र आज हंगामे के साथ आरंभ हुआ। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ में पीछा करने के मामले पर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा जबकि विपक्षी भाजपा ने राष्ट्रीय राजधानी में सफाई कर्मचारियों की मौत का मुद्दा उठाया।   

 

चंडीगढ़ मामले को लेकर कार्यवाही दो बार स्थगित
कार्यवाही शुरू होने पर अध्यक्ष राम निवास गोयल ने चंडीगढ़ मामले का जिक्र किया जिसमें हरियाणा भाजपा अध्यक्ष का बेटा कथित तौर पर संलिप्त है। विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने इस पर आपत्ति की और दक्षिण-पूर्व दिल्ली के लाजपत नगर में सीवर लाइन की सफाई के दौरान कामगारों की मौत के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की। हंगामे के बीच अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए दो बार और फिर 30 मिनट के लिए स्थगित की।   


गुप्ता और सिरसा को मार्शलों ने निकाल दिया बाहर
सफाई कामगारों की मौत पर चर्चा कराने की मांग को लेकर सदन के बीचों-बीच आने पर भाजपा विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा और विजेंद्र गुप्ता को मार्शलों के जरिए बाहर निकाल दिया गया। कार्यवाही शुरू होने पर दोनों तरफ के विधायक सदन के बीचों-बीच आ गए। अध्यक्ष ने विधायकों से अपनी सीट पर जाने को कहा। सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक लौट गए लेकिन भाजपा विधायकों ने अनसुना कर दिया। इसके बाद अध्यक्ष ने मार्शलों से गुप्ता को बाहर निकालने के लिए कहा। विरोध करते रहने पर सिरसा को भी बाहर कर दिया गया। भाजपा विधायक जगदीश प्रधान अपनी सीट पर लौट आए। इससे पहले, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कामगारों की मौत पर गुप्ता को जवाब देने की कोशिश की लेकिन वह बयान पूरा नहीं कर पाए क्योंकि कार्यवाही स्थगित कर दी गई।  

 

सिसोदिया ने की सफाई कर्मचारियों के परिजनों को 10 लाख की घोषणा
कार्यवाही शुरू होने पर सिसोदिया ने कहा कि स्थायी अनुदेश है कि सीवेज की सफाई मशीनों के जरिए होनी चाहिए लेकिन ठेकेदार हाथों से इसे करने की अनुमति दे देते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने मृतक सफाई कर्मचारियों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए देने की घोषणा की है। मामले की जांच चल रही है। जो कोई भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’’
 

Advertising