लोकसभा चुनाव से पूर्व विपक्ष का गठबंधन बनने की संभावना कम : येचुरी

Friday, Jun 08, 2018 - 06:56 PM (IST)

पटना: माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी ने गुरुवार को कहा कि लोकसभा चुनाव से पूर्व विपक्षी दलों का गठबंधन बनने की संभावना कम दिखती है। येचुरी ने पार्टी के एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बताया कि लोकसभा चुनाव से पूर्व राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी पार्टियों के गठबंधन बनने की संभावना कम दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि पूर्व में राष्ट्रीय स्तर पर ऐसे गठबंधन बनाने का प्रयास किया गया लेकिन वह सफल नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि वर्ष 1989 के लोकसभा चुनाव के बाद राष्ट्रीय मोर्चा एवं वाम मोर्चा का गठन किया गया था। इसी चुनाव के बाद विश्वनाथ प्रताप सिंह देश के प्रधानमंत्री बने थे। महासचिव ने कहा कि केंद्र से नरेंद्र मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए उनकी पार्टी अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विरोधी मतों का विभाजन रोकने के लिए प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर मोर्चे पर विफल रहे हैं। ऐसे में विपक्षी दलों को भाजपा का विरोध करना चाहिए ताकि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में उसे केंद्र की सत्ता से उखाड़ फेंका जा सके। येचुरी ने कहा कि हमारी पार्टी अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा विरोधी मतों को बिखरने से रोकने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। देश की जनता केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के प्रदर्शन से काफी निराश है।

Punjab Kesari

Advertising