Chamba Accident News: मुंडन संस्कार से लौटते समय पूरा परिवार खत्म, चंबा में खाई में गिरी कार, 7 की मौत

punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 02:59 PM (IST)

Chamba Accident News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार रात एक वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से तीन भाइयों समेत सात लोगों की मौत हो गयी। यह दुर्घटना चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र में मसरूंड-हमल मार्ग पर छत्रुंड के पास तड़के करीब 2 बजे तब हुई, जब कुथेड पंचायत के अंतर्गत महल गांव के निवासियों को ले जा रहा वाहन कथित तौर पर चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से नीचे उतर गया। पुलिस के अनुसार, वाहन के करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिरने के कारण उसमें सवार सभी 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। 

मृतकों में चुन्नी लाल (65), देवी लाल (62), मोती राम (50) तीनों भाई थे। इसके अलावा मोती राम की पत्नी बबली देवी (45), अनीता कुमारी (20), कुंता देवी (53) और मनोहर लाल (34) की भी मौत हो गयी। चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पीड़ित बुधवार देर रात काकडोथा गांव में एक मुंडन संस्कार और धार्मिक समारोह में शामिल होने के बाद अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। स्थानीय निवासियों ने दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों को सूचित किया। ग्रामीणों की मदद से बचाव दलों ने अंधेरे और खड़ी ढलान के कारण कठिन परिस्थितियों में अभियान शुरू किया। बाद में सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया। 

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अधिकांश पीड़ित एक ही परिवार के थे और कुथेड पंचायत के महल गांव के निवासी थे। शवों को पोस्टमाटर्म परीक्षण के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय, चंबा ले जाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि दुर्घटना संभावित हिस्से पर पर्याप्त सुरक्षा बैरियर न होने के कारण यह त्रासदी हुई होगी। 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस हादसे में सात लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News