जम्मू कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी में सेना का जवान घायल

Thursday, Sep 17, 2020 - 09:03 PM (IST)

जम्मू: जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास दो सेक्टरों में स्थित अग्रिम चौकियों और रिहायशी इलाकों में पाकिस्तानी सैनिकों ने बृहस्पतिवार को भारी गोलीबारी की और मोर्टार से हमला किया जिससे सेना का एक जवान घायल हो गया और तीन घर क्षतिग्रस्त हो गए। प्रवक्ता ने कहा,"पाकिस्तानी सेना ने सुबह करीब पौने सात बजे बिना किसी उकसावे के संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए बालाकोटा और मेंढर सेक्टर में छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार के गोले दागे।"

 

पाकिस्तानी सेना इस महीने २४ बार संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन कर चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास मंगलवार को पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन करते हुए भारी गोलीबारी की थी और मोर्टार के गोले दागे थे। इस घटना में सेना का एक जवान शहीद हो गया था और एक अधिकारी सहित दो अन्य घायल हो गए थे।

 

वहीं दो सितम्बर को राजौरी के केरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी सेना द्वारा किए संघर्ष विराम उल्लंघन में एक जेसीओ मारा गया था।
 

Monika Jamwal

Advertising