केंद्र ने TMC के नेता राजीव बनर्जी की VVIP सुरक्षा वापस ली, खुद किया था अनुरोध

Thursday, Dec 23, 2021 - 07:05 AM (IST)

नई दिल्लीः केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के नेता राजीव बनर्जी की जेड श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। ऐसा माना जा रहा है कि उन्होंने खुद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा मुहैया कराई जा रही सुरक्षा वापस लेने का अनुरोध किया था। 

बनर्जी (47) कुछ समय तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में रहने के बाद वापस तृणमूल कांग्रेस के पाले में आ गए। वह तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी द्वारा त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में आयोजित एक रैली में 31 अक्टूबर को पार्टी में फिर से वापस आ गए।

बनर्जी ने पिछला विधानसभा चुनाव हावड़ा जिले के डोमजूर से भाजपा के टिकट पर लड़ा था लेकिन वह तृणमूल कांग्रेस के नेता कल्याण घोष से हार गए। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनके जेड श्रेणी के केंद्रीय सुरक्षा कवर (पश्चिम बंगाल में अधिकृत) को वापस ले लिया। 

Pardeep

Advertising