दमोह में दर्दनाक हादसा: सीमेंट से भरा ट्रक पुल से नदी में गिरा, दो लोगों की गई जान

punjabkesari.in Sunday, Aug 30, 2026 - 03:39 PM (IST)

दमोह : मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है जहां सीमेंट से लदा एक अनियंत्रित ट्रक पुल की रेलिंग तोड़कर करीब 40 फीट नीचे नदी में जा गिरा। इस भीषण हादसे में ट्रक चालक और उसके सहयोगी (क्लीनर) की पानी में डूबने से मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि चिल्हघाट नदी से ट्रक को क्रेन के जरिए निकाले जाने के बाद रविवार तड़के दोनों शव बरामद किए गए। कुम्हारी पुलिस थाने के प्रभारी बृजेश पांडे ने संवाददाताओं को बताया कि शुक्रवार देर रात करीब एक बजे कटनी से दमोह की ओर सीमेंट लेकर जा रहा ट्रक दमोह-कटनी मार्ग पर नदी पुल पार करते समय अनियंत्रित हो गया और रेलिंग से टकराकर करीब 40 फुट नीचे नदी में गिर गया। 

उन्होंने कहा, स्थानीय लोगों ने शनिवार सुबह ट्रक को नदी में देखा और पुलिस को सतर्क किया।उन्होंने कहा कि पुलिस को अंदेशा था कि वाहन के अंदर कुछ लोग फंसे हो सकते हैं। उन्होंने कहा, लेकिन तेज बहाव के कारण बचाव प्रयासों में बाधा आई, जिसके बाद राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की एक टीम को शामिल किया गया। 

यह भी पढ़ें: झारखंड: हजारीबाग में पुलिस-तस्कर की मुठभेड़, 10 किलो अफीम के साथ 3 गिरफ्तार

अधिकारी ने बताया कि ट्रक पर बड़ी मात्रा में सीमेंट लदा होने के कारण बचाव अभियान के लिए जबलपुर से तीन विशेष क्रेनों को लाया गया जिसके बाद अभियान में तेजी आई। उन्होंने कहा कि शनिवार देर रात बचावकर्मियों ने ट्रक के केबिन के अंदर एक हाथ देखा जिसके बाद एसडीआरएफ कर्मियों ने केबिन की जांच की और अंदर दो शव देखे और काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। 

उन्होंने बताया कि ट्रक चालक अभिषेक वंशकर (23) और क्लीनर तुलसीनाथ (38) विदिशा जिले के रहने वाले थे। पुलिस ने बताया कि पिछले तीन दिनों से इलाके में लगातार बारिश के कारण नदी में बहाव तेज था जिससे बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi