Election Results 2023: चुनाव नतीजों से पहले ही कांग्रेस मुख्यालय में जश्न का माहौल, सामने आईं तस्वीरें
punjabkesari.in Sunday, Dec 03, 2023 - 10:21 AM (IST)

नेशनल डेस्क: राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम के लिए वोटों की गिनती चल रही है। इसी बीच नतीजे आने से पहले ही कांग्रेस की कई राज्यों में जीत की उम्मीद को देखते हुए पार्टी के मुख्यालय नई दिल्ली के 24 अकबर रोड पर जश्न की तैयारी अभी से शुरू हो गई है।
दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर पार्टी कार्यकताओं में एक अलग ही जोश एवं उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी कार्यकर्ता ढोल नगाड़े बजाते और जीत का जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पोस्टर पर भगवान राम की तस्वीर बनी हुई है और नीचे लिखा है- राहुल प्रियंका का देखो खेल, भाजपा की बना दी रेल।
'अबकी बार झोला उठाए मोदी सरकार'
इसके साथ ही राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तस्वीर के साथ पोस्टर पर कई नारे भी लिखे गए हैं। एक पोस्टर में लिखा है- 'अबकी बार झोला उठाए मोदी सरकार।' वहीं एक अन्य पोस्टर में 'भारत का विश्वास है, राहुल-प्रियंका' लिखा हुआ है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का दावा है कि वह पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। चुनाव नतीजे आने से पहले ही मिठाइंया बांटने की तैयारी चल रही है।
#WATCH | Music, dance and celebrations outside the Congress headquarters in Delhi, ahead of the counting of votes for the four-state elections. pic.twitter.com/ex9OmkBwFQ
— ANI (@ANI) December 3, 2023
मतगणना शुरू होने से पहले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने बयान दिया कि कांग्रेस को 130 से कम सीटें नहीं मिलेगी और कमलनाथ मुख्यमंत्री बनेंगे। मैं मध्य प्रदेश को समझता हूं, हम ज्यादा संगठित हैं, संगठन मजबूत है। वहीं शिवराज सिंह चौहान और बीजेपी के खिलाफ लोगों में नाराजगी है, बदलाव का अंडरकरंट है. कोई कुछ भी कहता रहे, मगर 2018 में 114 सीटें मिली थीं. कांग्रेस को इस बार 130 सीटें मिलेंगी. 130 से कम सीटें नहीं मिलेंगी।
कांग्रेस राजस्थान और छत्तीसगढ़ की सत्ता में है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ है। इन तीन राज्यों में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) तेलंगाना में ‘हैट्रिक’ लगाने की उम्मीद कर रही है। वहीं, कांग्रेस ने उन चार राज्यों में अपने विधायक दल की बैठकों के समन्वय के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए, जहां के परिणाम आज आने वाले हैं।
राजस्थान में पार्टी ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, मधुसूदन मिस्त्री, मुकुल वासनिक और शकील अहमद खान को कांग्रेस पर्यवेक्षक नियुक्त किया। इसमें कहा गया, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी विधायक दल की बैठकों के समन्वय के लिए तत्काल प्रभाव से कांग्रेस पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं।'' छत्तीसगढ़ के लिए कांग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन, रमेश चेन्निथला और प्रीतम सिंह को कांग्रेस पर्यवेक्षक बनाया गया है, जबकि मध्य प्रदेश के लिए पार्टी नेता अधीर रंजन चौधरी, पृथ्वीराज चव्हाण, राजीव शुक्ला और चंद्रकांत हंडोरे को नियुक्त किया गया है।