मोदी सरकार के ऐतिहासिक फैसले पर शिवसेना में जश्न, उद्धव ठाकरे ने बांटी मिठाई

Monday, Aug 05, 2019 - 04:14 PM (IST)

मुंबई: केंद्र सरकार के  जम्मू -कश्मीर  से अनुच्छेद 370 को समाप्त करने के फैसले से उत्साहित शिवसेना सुप्रीमों उद्धव ठाकरे ने मुंबई में अपने आवास पर मिठाई बांटी। शिवसेना की तरफ से सांसद संजय राउत ने कहा कि अभी जम्मू-कश्मीर लिया है, अब पीओके और बलूचिस्तान भी लेंगे। वहीं, मुंबई में जगह-जगह पर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी और जश्न मनाया। 


केेंद्र में मोदी सरकार की सहयोगी शिवसेना ने अत्यधिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज दिवंगत हुए कई नेता स्वर्ग से सरकार को आशीर्वाद दे रहे होंगे। शिवसेना के संजय राउत ने इस मुद्दे पर राज्यसभा में चल रही चर्चा में हिस्सा लेते हुए कहा आज का दिन पूरे विश्व में आनंद का दिन है। स्वर्गीय दीन दयाल उपाध्याय और बाला साहेब ठाकरे भी स्वर्ग से सरकार को आशीर्वाद दे रहे होंगे। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 भस्मासुर के समान है। यह शैतान है जो खत्म हो रहा है। आज जम्मू कश्मीर का देश में विलय हो रहा है। 


उन्होंने मोदी सरकार को हिम्मत वाली सरकार करार देते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर का शोषण करने वाले लोग इसका विरोध कर रहे हैं। कश्मीरी पंडित अनुच्छेद 370 को हटाने के पक्ष में हैं।  इससे पहले बीजू जनता दल के प्रसन्न आचार्य ने सदन में संविधान को फाड़े जाने को लेकर कहा कि देश के लिए यह शर्मनाक दिन है। संविधान के लिए लाखों लोगों ने कुर्बानी दी थी। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर सही अर्थ में आज भारत का हिस्सा बना। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में देश का संविधान लागू नहीं होता। वहां लोग जमीन नहीं खरीद सकते। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा बन जाऐ उस दिन का इन्तजार है। उन्होंने सवाल किया कि कश्मीरी पंडितों का क्या हाल है। लोग उनकी स्थिति पर घडिय़ाली आंसू बहा रहे हैं।
 

shukdev

Advertising