10 साल बाद लौटा कांग्रेस मुख्यालय में जश्न का माहौल

Tuesday, Dec 11, 2018 - 07:20 PM (IST)

नई दिल्लीः हिंदी पट्टी के तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों के रूझान ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह भर दिया है और पार्टी मुख्यालय में करीब 10 साल बाद रौनक लौटी है। मुख्यालय में सुबह से ही जश्न का माहौल बना रहा।



राजस्थान, छत्तीसगढ और मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव नतीजों के जैसे ही रुझान आने शुरू हुए और तीनों जगह पार्टी भारतीय जनता पार्टी को पीछे छोड़ते हुए आगे बढ़ने लगी, कार्यकर्ता खुशी से झूमने लगे। पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा होने लगी, बैंड बाजे बजने लगे, मिठाइयां बंटने लगी एवं पटाखे छूटने लगे।



कार्यकर्ता हाथों में झंडे और राहुल तथा सोनिया की तस्वीर वाले बैनर लेकर पार्टी मुयालय के प्रांगण में सुबह से ही आ गए थे और दिनभर नारेबाजी करते रहे। कुछ राज्यों से पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी मुख्यालय में आ गए थे। कुछ कार्यकर्ताओं के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गयी थी। आम तौर पर सूनी-सूनी रहने वाली पार्टी मुख्यालय में स्थित कैंटीन में आज कार्यकर्ताओं की जबरदस्त भीड़ लगी रही। 



पिछले पांच साल से केंद्र में सत्ता से बेदखल होने और एक के बाद एक कांग्रेस के हाथ से राज्यों के निकल जाने के बाद पार्टी मुख्यालय में धीरे धीरे मायूसी छाने लगी थी और कार्यकर्ताओं के चेहरों पर मायूसी नजर आने लगी थी, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व ने पार्टी एक बार फिर जान फूंकी है जिसका असर इन राज्यों के चुनाव नतीजों के रूझान में साफ नजर आने लगा है।



वर्ष 2009 के आम चुनाव में जब संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन ने केंद्र में सरकार बनायी थी तब कार्यकर्ताओं ने इस तरह का जश्न पार्टी मुख्यालय में मनाया था।

Yaspal

Advertising