Play school में बच्ची की पिटाई करती महिला CCTV में हुई कैद

Friday, Nov 25, 2016 - 02:54 PM (IST)

मुंबई: इस भागमभाग भरी जिंदगी में हमें हमेशा ऐसी सुविधाओं की दरकार रहती जिससे हमारी जिम्मेदारियां या परेशानियां कुछ कम हो जाएं। आज पति और पत्नी दोनों ही जॉब करना पंसद करते हैं क्योंकि हमारी जरूरतें बढ़ रही हैं और इसके साथ ही बढ़ रहे हैं खर्चे। ऐसे में महिलाएं अपने छोटे बच्चों के प्ले वे या फिर बेबी केयर सेंटर में छोड़ कर आराम से अपने काम पर निकल जाती हैं लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके बच्चे पीछ से सुरक्षित हैं, क्या उनका वहां अच्छे से ध्यान रखा जा रहा है।

एक प्ले वे का वीडियो सामने आया जिसे आप देखकर एक बार तो जरूर सोचेंगे कि आपके बच्चे के साथ प्ले वे में कैसा व्यवहार हो रहा है। वीडियो मुंबई की है जहां एक प्ले वे में एक महिला करीब 10 महीने की बच्ची को बुरी तरह से पीट रही है। बच्ची लगातार रोए जा रही है और महिला उसे चुप कराने की बजाए लातों से उस पर और मार कर रही है। इतना ही नहीं महिला मासूम बच्ची को जमीन पर पटक भी रही है। पीड़ित बच्ची अस्पताल में भर्ती है। उसे मारने का आरोप प्ले स्कूल में काम करने वाली आया पर है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

खारघर सेक्टर-10 में रहने वाले रजत जो पेशे से इंजीनियर हैं और उनकी पत्नी रुचिता ने अपनी बिटिया को डे केयर में रखने का फैसला किया लेकिन अब वे बहुत पछता रहे हैं। जब वह बिटिया को प्ले स्कूल से लेने आए तो उसके चेहरे और शरीर पर कई ज़ख्म थे। दोनों के मुताबिक प्ले स्कूल ने उन्हें बताया कि बच्ची को खेलते वक्त चोट लग गई है लेकिन जब वह घर पहुंचे तो उनकी बेटी लगातार रो रही थी। उसकी पीठ पर भी चोट के निशान थे। प्ले स्कूल से उन्होंने सीसीटीवी की मांग की तो रुचिता के मुताबिक उन्होंने कहा कि पहले वो पुलिस में शिकायत दर्ज करवाएं। पुलिस की दखलंदाज़ी के बाद प्ले स्कूल ने फुटेज दिया, तब जाकर सच्चाई सामने आई कि आया ने कितनी बेरहमी से उनकी बेटी को पीटा।

Advertising