UDF समर्थित विधायक के भाषण में बाधा डाली, 8 माकपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज

punjabkesari.in Thursday, Nov 19, 2026 - 10:09 AM (IST)

कन्नूर (केरलम) : केरलम के कन्नूर जिले के पय्यानूर में सहकारिता सप्ताह के एक कार्यक्रम के दौरान संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) समर्थित निर्दलीय विधायक वी. कुन्हीकृष्णन के भाषण में कथित तौर पर बाधा डालने के आरोप में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के आठ कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 

घटना बुधवार को कंडोथ कुर्मा सभागार में आयोजित तालिपरम्बा सर्कल सहकारिता सप्ताह समारोह के उद्घाटन के दौरान हुई। विधायक के समर्थकों ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों में कथित तौर पर एक सहकारी समिति के पदाधिकारी और माकपा कार्यकर्ता शामिल थे। उन्होंने नारे लगाए और भाषण में बाधा डाली। आरोप है कि जब विधायक के निजी कर्मचारी प्रसन्नन ने कुछ प्रदर्शनकारियों को मंच पर चढ़ने से रोकने की कोशिश की, तो उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। 

पय्यानूर पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार आरोपियों ने एक जनसभा के दौरान विधायक के भाषण में बाधा डालने के इरादे से कथित तौर पर गैरकानूनी रूप से सभा का आयोजन किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता, जो विधायक के निजी सचिव हैं, के साथ दुर्व्यवहार किया, उन्हें गलत तरीके से रोका और उनकी पिटाई की, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

माकपा के पूर्व नेता कुन्हीकृष्णन ने इस साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव में पय्यानूर सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल कर इतिहास रचा था। उन्होंने इस सीट पर पार्टी की 60 साल से अधिक समय से लगातार जीत के रिकॉर्ड को तोड़ दिया था।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News