दिग्गज कांग्रेस नेता कैप्टन सतीश शर्मा की अंतिम विदाई, राहुल गांधी ने अर्थी को दिया कंधा

Friday, Feb 19, 2021 - 10:56 AM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कैप्टन सतीश शर्मा को अंतिम विदाई दी जा रही है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिग्गज नेता की अर्थी को कंधा दिया। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के करीबी माने जाने वाले सतीश शर्मा का  बुधवार को गोवा में निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर को गोवा से दिल्ली लाया गया था। 


हम सतीश शर्मा की कमी करेंगे महसूस: राहुल गांधी 
शर्मा कैंसर से पीड़ित थे और पिछले कुछ समय से बीमार थे। राहुल गांधी, कांग्रेस  महासचिव प्रियंका गांधी और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने सतीश शर्मा के निधन पर दुख जताते हुए कहा था कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा था कि कैप्टन सतीश शर्मा के निधन के बारे में सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। उनके परिवार एवं मित्रों के प्रति मेरा स्नेह और संवेदना है। हम उनकी कमी महसूस करेंगे।


राजीव गांधी के करीबी थी शर्मा 
बता दें कि पूराजीव गांधी के निकट सहयोगी रहे शर्मा नरसिम्हा राव सरकार में 1993 से 1996 तक केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री रहे। आंध्र प्रदेश के सिकंदराबाद में 11 अक्टूबर, 1947 को जन्मे शर्मा एक पेशेवर वाणिज्यिक पायलट थे। रायबरेली और अमेठी निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर चुके शर्मा तीन बार लोकसभा सदस्य चुने गए थे। 

 

तीन बार राज्यसभा सदस्य बने थे शर्मा
शर्मा तीन बार राज्यसभा सदस्य भी बने और उन्होंने मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। वह पहली बार जून 1986 में राज्यसभा सदस्य बने और बाद में राजीव गांधी के निधन के बाद 1991 में अमेठी से लोकसभा सदस्य चुने गए। इसके बाद वह जुलाई 2004 से 2016 तक राज्यसभा सदस्य रहे। शर्मा के परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटा एवं एक बेटी है। 

vasudha

Advertising