मुसीबत में फंसा यह फेमस भारतीय क्रिकेटर! इस मामले में मिला कानूनी नोटिस, 15 दिन के अंदर...

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 10:17 AM (IST)

MS Dhoni Legal Notice Ranchi House : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक नए विवाद में घिर गए हैं। झारखंड राज्य आवास बोर्ड (JSHB) ने रांची के हरमू स्थित उनके आवास को लेकर एक कड़ा नोटिस जारी किया है। बोर्ड का आरोप है कि धोनी को रहने के लिए आवंटित की गई जमीन का इस्तेमाल नियमों के खिलाफ कमर्शियल (व्यावसायिक) कामों के लिए किया जा रहा है।

क्या है पूरा मामला?

साल 2009 में झारखंड सरकार की विशेष सिफारिश पर धोनी को हरमू इलाके में प्लॉट नंबर H-10(A) आवंटित किया गया था। यह प्लॉट केवल 'आवासीय उद्देश्य' यानी रहने के लिए दिया गया था। आरोप है कि इस घर में एक निजी डायग्नोस्टिक सेंटर (नीबर्ग पल्स डायग्नोस्टिक्स) का संचालन किया जा रहा है। आवास बोर्ड के अध्यक्ष संजय लाल पासवान ने पुष्टि की है कि नियमों के उल्लंघन के चलते धोनी को अपना पक्ष रखने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है।

यह भी पढ़ें: युद्ध की आहट से सहमा आसमान! Air India ने रद्द कीं दर्जनों अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, हजारों यात्रियों की बढ़ी मुसीबत

आवंटन रद्द होने का खतरा

नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि धोनी की ओर से 15 दिनों के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो बोर्ड इस प्लॉट के आवंटन को रद्द करने की सिफारिश कर सकता है। बोर्ड का कहना है कि धोनी के अलावा कई अन्य आवंटियों को भी इसी तरह के उल्लंघन के लिए नोटिस भेजे गए हैं।

धोनी का पुराना प्यार है यह घर

हरमू स्थित यह घर धोनी के फैंस के लिए किसी मंदिर से कम नहीं है। इसी घर की दीवारों पर धोनी का नाम, उनकी जर्सी नंबर 7 और उनके 'हेलीकॉप्टर शॉट' के चित्र बने हुए हैं। हालांकि, धोनी अब परिवार के साथ रांची के रिंग रोड पर स्थित अपने आलीशान फार्महाउस 'कैलाशपति' में रहते हैं लेकिन हरमू वाला यह घर उनकी शुरुआती कामयाबी का गवाह रहा है।

यह भी पढ़ें: तालिबान का 'Operation Rawalpindi': नूर खान एयरबेस पर फिर बरसी आग, 32 सैनिकों के मारे जाने का दावा

IPL 2026 की तैयारियों के बीच झटका

यह खबर ऐसे समय में आई है जब धोनी IPL 2026 की तैयारियों में जुटे हैं। 44 साल के हो चुके धोनी इस सीजन में एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए मैदान पर उतरेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है। फिलहाल इस कानूनी नोटिस पर धोनी या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News