साल 2019 में रेप की घटनाओं ने इंसानियत को किया शर्मसार, 7 साल की बच्ची की हड्डियां तक तोड़ डाली

Wednesday, Dec 18, 2019 - 05:24 PM (IST)

नई दिल्ली: साल 2020 आने मेें अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं। 2019 के साल में हमने काफी खुशियों के पल जिए हैं तो दूसरी तरफ कुछ घटनाएं ऐसी थीं जो हमेशा हर हिंदुस्तानी को झकझोर कर रख देंगी। दरअसल, हम बात कर रहे हैं 2019 में भारत के अंदर होने वाली रेप की घटनाओं की, जिन्होंने हर देशवासी को हिला कर रख दिया। आइए एक नजर डालते हैं 2019 की कुछ दिल दहला देने वाली घटनाओं पर...

हैदराबाद गैंगरेप
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में महिला वेटनरी डॉक्टर से गैंगरेप के बाद हत्या के मामले में सभी को हिला कर रख दिया। 27-28 नवंबर की रात हैदराबाद में पशु चिकित्सक की रेप के बाद आरोपियों ने मार दिया और मारने के बाद उनके शरीर को जला भी दिया। बाद में हैदराबाद पुलिस ने चारों आरोपियों को एक एनकाउंटर में मार गिराया। जिसके बाद पूरे देश ने एक सूर में इस एनकाउंटर को दिशा का इंसाफ बताया। 


उन्नाव में रेप
हैदराबाद गैंगरेप की घटना से अभी उबरे भी नहीं थे कि उन्नाव में रेप की एक और वारदात ने सभी के होश उड़ा दिए। दरअसल पीड़िता इंसाफ के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही थी। मार्च 2019 में कोर्ट के आदेश के बाद तो केस दर्ज किया गया था। इसके बाद जैसे ही इस मामले के आरोपी जेल से छूटे तो उन्होंने पीड़िता को जिंदा ही जला दिया। लड़की 90 फीसदी से ज्यादा जल गई थी। बाद में लड़की ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया था। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।  उन्नाव बलात्कार मामले में अदालत ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया। भाजपा से निष्काषित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को नाबालिग से बलात्कार का दोषी ठहराया गया। लेकिन इसके साथ ही अदालत ने पीड़िता की जीवटता की प्रशंसा भी की। एक च्पॉवरफुलज् व्यक्ति के खिलाफ इंसाफ पाने की पीड़िता की जिद्द को अदालत ने फैसले का अहम आधार माना है।


7 साल की बच्ची से रेप, 12 हड्डियां तोड़ दी
5 दिसंबर की तड़के सुबह यूपी के कन्नौज से रेप और हत्या की ऐसी घटना सामने आई थी कि सुनकर रूह कांप जाए। यहां एक 30 के आदमी ने 7 साल की बच्ची के साथ रेप किया था। बाद में आरोपी ने पीड़िता की 12 हड्डियां तोड़ दी थीं। इसके बाद उस लड़की की हत्या कर दी गई।


6 साल की बच्ची से रेप
दिल्ली के जनकपुरी इलाके में 29 साल के शख्स ने 6 साल की बच्ची को अगवा कर रेप की घटना को अंजाम दिया। इस मामले में दिल्ली महिला आयोग ने पुलिस को नोटिस भी दिया था। रेप की घटना के बाद बच्ची काफी दिनों तक अस्पताल में भर्ती रही थी। आरोपी जनकपुरी में ही रिक्शा चलाता था।


 

Anil dev

Advertising