J&K: अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी से लौट रहे ITBP जवानों की बस खाई में गिरी, 7 जवान शहीद...कई घायल

punjabkesari.in Tuesday, Aug 16, 2022 - 01:35 PM (IST)

नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम इलाके में मंगलवार को एक बस के गहरी खाई में गिरने के बाद भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के छह जवानों और एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई जबकि 32 अन्य घायल हो गए। सुरक्षाकर्मी अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी से लौट रहे थे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि ITBP के 37 जवानों और दो पुलिसकर्मियों को ले जा रही बस चंदनवाड़ी और पहलगाम के बीच गहरी खाई में गिर गई।

PunjabKesari

अधिकारी ने कहा कि आईटीबीपी के दो कर्मियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि पांच अन्य ने बाद में दम तोड़ दिया। छह घायल सुरक्षा कर्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें उपचार के लिए हेलीकॉप्टर के जरिए श्रीनगर ले जाया जा रहा है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आईटीबीपी के 37 और जम्मू-कश्मीर पुलिस के तीन कर्मी अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी से लौट रहे थे, जो 11 अगस्त को समाप्त हो चुकी है।

PunjabKesari

दिल्ली में ITBP के एक प्रवक्ता ने कहा, ''39 कर्मियों को ले जा रही एक बस कथित रूप से ब्रेक खराब हो जाने के कारण सड़क के किनारे नदी में गिर गई। जवान चंदनवाडी़ से पहलगाम की ओर जा रहे थे। हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।'' अधिकारी ने बताया कि हताहतों को ले जाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (BSF) के हेलीकॉप्टर को तैनात किया गया है।

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News