महाराष्ट्र: भायंदर में बड़ा हादसा, इमारत गिरने से 1 की मौत, 4 घायल

punjabkesari.in Thursday, Jul 20, 2023 - 11:17 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पूर्वी भायंदर में बृहस्पतिवार को तीन मंजिला इमारत का एक हिस्सा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। नगर निकाय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। मीरा-भायंदर नगर निकाय के आपदा प्रकोष्ठ की प्रमुख मनश्री म्हात्रे ने ‘पीटीआई-भाषा' को बताया कि भायंदर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित यह इमारत लगभग 20 साल पुरानी थी और खतरनाक घोषित की गई थी।

घटना पूर्वाह्न 11:30 बजे हुई। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है। म्हात्रे ने बताया कि राहत कार्यों के लिए घटनास्थल पर दमकल की तीन गाड़ियों और जिला आपदा प्रकोष्ठ के 54 कर्मियों को तैनात किया गया। उन्होंने कहा कि चार लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारी ने बताया कि मलबे को हटाने का काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि आपदा दल को एक व्यक्ति का शव मिला, जिसकी पहचान दुर्गा अवधेश राम (45) के रूप में हुई है जो भायंदर स्टेशन पर जूते पॉलिश करने का काम करता था। म्हात्रे ने बताया कि नगर निकाय ने पहले ही इमारत के निवासियों को हटा दिया था क्योंकि इसे खतरनाक घोषित किया गया था, लेकिन भूतल पर कुछ दुकानें थीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News