Budget 2019: जानिए, मोदी सरकार के आखिरी बजट पर किसने क्या कहा

Friday, Feb 01, 2019 - 05:09 PM (IST)

नई दिल्ली: अंतरिम बजट को ऐतिहासिक बताते हुए केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि इसका उद्देश्य अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है और इससे समाज के सभी वर्ग लाभान्वित होंगे। वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में 2019-20 के लिए अंतरिम बजट पेश किया। बजट के बाद सिंह ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारी सरकार चाहती है कि देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो और यही बजट का उद्देश्य है। मैं इसे ऐतिहासिक बजट कहूंगा। यह समाज के सभी वर्गों के लिए लाभ देने वाला होगा।’’ 

राम विलास पासवान
केंद्रीय मंत्रियों राम विलास पासवान और आर के सिंह ने बजट को ‘विपक्ष पर सर्जिकल स्ट्राइक’ करार दिया। पासवान ने कहा, ‘‘यह दूसरी सर्जिकल स्ट्राइक है। पहली र्सिजकल स्ट्राइक हमारे जवानों ने सीमा पर गोलियों (बुलेट) से की थी और इस साल बैलट से होगी। बजट से किसानों को लाभ मिलेगा।’’ सिंह ने कहा कि विपक्ष को बजट का स्वागत करना चाहिए।  

मायावती 
बहुजन समाज पार्टी(बसपा)अध्यक्ष मायावती ने केन्द्र की भारतीय जनता पाटी(भाजपा) सरकार द्वारा शुक्रवार को लोकसभा में पेश अन्तरिम बजट को जमीनी हकीकत एवं वास्तविकता दूर जुमलेबाजी वाला बताये हुये कहा कि देश का धन केवल कुछ मुठीभर धन्नासेठों के हाथों में सिमट गया है।  मायावती ने शुक्रवार को यहां जारी बयान में कहा कि भाजपा के पिछले पाँच वर्षों के कार्यकाल में देश में आर्थिक समानता की खाई बढ़ गई है। 

अहमद पटेल 
संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने कहा कि अंतरिम बजट में की गयी घोषणायें जनता को ‘गुमराह’ करने वाली हैं। यह चुनाव जीतने की ‘जुगत’  मात्र है। उन्होंने कहा कि मई में लोकसभा चुनावों के बाद नयी सरकार आयेगी जो अपना बजट पेश करेगी तब इन घोषणाओं का क्या होगा।  पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांंग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने अंतरिम बजट को ‘फुस्स पटाका’ करार दिया। 

योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पेश मोदी सरकार के अंतरिम बजट को विकास और जनोन्मुखी वाला बताया है। उन्होंने दावा किया कि इस बजट से नये भारत का सपना साकार होगा। योगी नेे दावा किया कि अंतरिम बजट में किसानों, युवाओं, मध्यमवर्ग, गरीब और महिलाओं समेत समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। 

पी चिदंबरम
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने शुक्रवार को संसद में अंतरिम बजट की बजाय पूर्ण बजट पेश किया जो स्थापित परंपराओं का उल्लंघन है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अंतरिम वित्त मंत्री (पीयूष गोयल) ने हाल के समय का सबसे लंबा अंतरिम बजट भाषण करके हमारे धैर्य की परीक्षा ली है। यह अंतरिम बजट नहीं था।

मल्लिकार्जुन खडग़े 
विपक्षी दलों ने लोकसभा में शुक्रवार को पेश अंतरिम बजट को चुनावी ‘झुनझुना’ करार देते हुए कहा है कि इसमें की गयीं घोषणायें भी ‘जुमला’ ही साबित होंगी। लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खडग़े ने कहा कि अंतरिम बजट के नाम पर नरेन्द्र मोदी सरकार ने मतदाताओं को ‘रिश्वत’ देने का काम किया है और वोट के लिए पैसा बांटने का काम हुआ है।

महेश शर्मा 
केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा ने कहा कि बजट से आम आदमी और कामकाजी वर्ग को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘इससे गरीब आबादी को भी लाभ मिलेगा। ऐसा बजट कई साल बाद पेश किया गया है और इससे इस देश की जनता को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।’’ 

शशि थरूर
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा, ‘‘हवा में तो बहुत कुछ ख्वाब दिखाए जा रहे हैं लेकिन असल में बहुत कम काम हो रहा है।’’  हालांकि उन्होंने मध्यम वर्ग के लिए कर में छूट वृद्धि की प्रशंसा की। 

    

Anil dev

Advertising